विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा मंथन में तय हुई यूपी मिशन-2027 की रणनीति, 'कार्यकर्ता सर्वोपरि' के मंत्र से चुनावी मैदान में उतरेगी भाजपा

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:30 AM (IST)

मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय बैठक में मिशन-2027 के लिए चुनावी रणनीति तैयार की गई, जिसमें 'कार्यकर्ता सर्वोपरि' के मंत्र पर जोर दिया गया।

परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र पर भाजपा की योजना बैठक में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते हुए। साथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व अन्य। फोटो सौ. भाजपा द्वारा

परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र पर भाजपा की योजना बैठक में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते हुए। साथ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व अन्य। फोटो सौ. भाजपा द्वारा

HighLights

  1. भाजपा ने मथुरा में मिशन-2027 की चुनावी रणनीति बनाई।

  2. 'कार्यकर्ता सर्वोपरि' मंत्र पर चुनाव लड़ने की तैयारी।

  3. कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने पर विशेष फोकस।

संतोष शुक्ल, मथुरा। धर्मधरा पर दो दिनी मंथन कर भाजपा ने मिशन-2027 की चुनावी व्यूहरचना की। ‘कार्यकर्ता सर्वोपरि’ की तान के साथ पार्टी चुनाव में अंगद पांव जमाने उतरेगी। सिर्फ संबोधनों में कार्यकर्ता ‘देवतुल्य’ नहीं रहेगा, बल्कि उन्हें इसकी अनुभूति भी कराई जाएगी।

पिछले लोकसभा चुनाव में ‘अबकी बार चार सौ पार’ के नारे से सबक लेते हुए पार्टी विधानसभा चुनाव में तीन सौ पार के नारे से परहेज करेगी। प्रदेश के दंगों का इतिहास जनता के सामने रखते हुए उन्हें 2017 से पहले एवं बाद की तस्वीर दिखाकर भरोसा जीतने का प्रयास होगा। छह राज्यों के संगठन महामंत्रियों को एक-एक क्षेत्र में उतारा जाएगा।

बड़ी संख्या में टिकट बदलने एवं युवाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के सभी पहलुओं पर मंथन किया गया। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंडलों एवं गृहमंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की जिलों में आयोजित होने वाली रैलियों के भूगोल तय किए गए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र परखम के शांति एवं सनातन संस्कृति को समर्पित परिसर में आयोजित भाजपा की योजना बैठक का दूसरा दिन ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ गाकर शुरू किया गया।

काशी एवं अयोध्या की धार्मिक तरंग पर सवार होकर मजबूत बनी भाजपा ने बैठक में साफ किया कि तीसरी बार सत्ता मिलने पर मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आंदोलन होगा। सबसे ज्यादा फोकस कार्यकर्ताओं पर किया गया, जिनकी नाराजगी से पार्टी का चुनावी गणित बिगड़ सकता है।

कार्यकर्ताओं का दर्द कई अवसरों पर भाजपा एवं संघ की समन्वय बैठकों, प्रभारी मंत्रियों एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरों में सार्वजनिक रूप से छलक चुका है। जिसका नुकसान विधान परिषद चुनाव में भी हुआ। पिछले दिनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ में मतदाता जोड़ो अभियान की बैठक में फिर कहा था कि ‘संगठन सरकार से बड़ा था, है और रहेगा।’ चुनावी बेला में पार्टी इस बयान को नए तेवर के साथ उठा रही है।

मथुरा की बैठक से निकलकर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कार्यकर्ताओं को ही सबसे बड़ी शक्ति बताया। कार्यक्रम परिसर में कार्यकर्ताओं का महत्व बढ़ाने वाला एक स्लोगन भी लगाया गया, जिसमें लिखा था “पांच क से संगठन चलता है, जिसमें कार्यकर्ता प्रथम है। इसके बाद कार्यकारिणी, कार्यक्रम, कोष एवं कार्यालय है, और इसकी भी रीढ़ कार्यकर्ता हैं।’ 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया गया था।

कई राज्यों के संगठन मंत्री भी बैठक में हुए शामिल

प्रभारी मंत्री अब कार्यकर्ताओं को विशेष महत्व देंगे। योजना बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने दोहराया कि प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार एवं किसान हित में बेहतर कार्य किया है, जिसे लोगों के बीच प्रभावी तरीके से रखना होगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तीन माह की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने महिला, गरीब, किसान एवं युवा को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं, जिसे कार्यकर्ता जनता तक पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छूटे वोटरों को एक माह के विशेष अभियान में तेजी से जोड़ने की आवश्यकता बताया। प्रबुद्ध, पिछड़ा, दलित एवं युवा सम्मेलनों पर विशेष फोकस होगा।

छह क्षेत्रों ब्रज, पश्चिम, कानपुर, काशी, अवध एवं गोरक्ष के 18 मंडलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभाओं को नए केंद्रों पर करने की रणनीति बनाई गई। बाहर से आने वाले प्रवासियों के प्रबंधन एवं उनके बेहतर चुनावी उपयोग पर विमर्श किया गया।

नवीन ने संगठन के पुराने पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के अनुभव का चुनावी लाभ लेने पर विशेष जोर दिया। राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं झारखंड समेत कई राज्यों के संगठन मंत्री भी बैठक में शामिल रहे, जिन्हें शीघ्र ही क्षेत्रों में उतारा जाएगा।

यह भी पढ़ें- यूपी विधानसभा चुनाव: मथुरा में BJP की खास रणनीति तैयार, कृष्ण जन्मभूमि और युवा मतदाताओं पर रहेगा फोकस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।