BJP ने मथुरा को बनाया ठिकाना, UP चुनाव से पहले गो विज्ञान केंद्र में फिर जुटेंगे दिग्गज; देंगे राष्ट्रवाद का संकेत
मथुरा के फरह स्थित पंडित दीनदयाल गो विज्ञान केंद्र में भाजपा का बड़ा राजनीतिक और वैचारिक आयोजन हुआ। इसमें उत्तराखंड के सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेता जुटे, जहां गो संरक्षण और आयुर्वेद परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया, जिससे ब्रज से विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का संदेश दिया गया।

मथुरा के गो विज्ञान केंद्र में तैयार पंडाल।
जागरण संवाददाता, मथुरा। फरह के परखम स्थित पंडित दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र शनिवार को भाजपा के बड़े राजनीतिक और वैचारिक आयोजन का केंद्र बनेगा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई प्रमुख नेता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी जुटेंगे।
कार्यक्रम में गो संरक्षण, आयुर्वेद, पंचगव्य अनुसंधान और भारतीय पारंपरिक ज्ञान से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा। इसके बहाने भाजपा ब्रज से विकास और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का संदेश देने की तैयारी में है। इस कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ को भी आना था, लेकिन उनका आना निरस्त हो गया।
केंद्र के परिसर में सुबह दस बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन किया जाएगा। अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और श्री नंदीश्वर विद्यार्थी छात्रावास का लोकार्पण होगा। आयुर्वेद कालेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और कर्मचारी आवासीय परिसर का शिलान्यास प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि और जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी मुख्य वक्ता रहेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, आयुष मंत्री डा. दयाशंकर मिश्र दयालु और पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को दिन भर केंद्र में तैयारियां चलती रहीं। समिति के मीडिया प्रभारी कीर्ति पी कुमार ने बताया कि पार्किंग के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।