जाम में फंसे रहे वाहन, लोग परेशान
मथुरा-भरतपुर के बीच जर्जर सड़क व गड्ढों में फंसे वाहन, मंडी चौराहा, बस स्टैंड पर रहे जाम के हालात
जेएनएन, मथुरा : रक्षाबंधन पर जाम के झाम में वाहन फंसे रहे। दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। हाईवे पर मंडी चौराहा, जयगु़रुदेव आश्रम के निकट जाम लगता रहा। नये बस स्टैंड पर भी जाम की स्थिति बनती रही। मथुरा-भरतपुर मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण गड्ढों में वाहन फंसने से चालक परेशान रहे।
रक्षाबंधन पर सुबह से ही वाहन दौड़ने लगे। हाईवे पर मंडी चौराहा के निकट जाम के कारण राहगीरों की सांसें फूलनें लगीं। पैदल सड़क क्रॉस करना मुश्किल हो गया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगने से जाम में फंसे लोग व्यवस्थाओं को कोस रहे थे। जयगुरुदेव आश्रम के निकट भी जाम की स्थिति बनी रही। नरहौली चौराहा पर भी सड़क क्रॉस करना मुश्किल हो रहा था। मंडी चौराहा पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती रही। नये बस स्टैंड पर भी यातायात व्यवस्था चरमराती रही। जाम के कारण वाहनों की लंबी-लंबी कतार लगी रहीं।
मथुरा-भरतपुर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से वाहन गड्ढों में फंसते रहे। दो पहिया वाहन चालक आए दिन चोटिल होते रहते हैं। ग्रामीणों की बार-बार मांग के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। रविवार को गड्ढों के कारण जाम की स्थिति बनती रही। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जगह-जगह से टूट जाने के कारण व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द सड़क निर्माण की मांग की है।