प्रशासन ने रासबिहारी को दिलवाई राधारानी मंदिर की सेवा
हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस बल की मौजूदगी में माया देवी पक्ष बेदखल मंदिर बंद करने वाले दो पुजारी हिरासत में
बरसाना(मथुरा), संसू। राधारानी मंदिर की सेवा पूजा को लेकर लंबे समय से दो पक्षों में चल रहे विवाद का आखिर शनिवार को पटाक्षेप हो गया। डीएम के आदेश से नायब तहसीलदार ने भारी पुलिस बल के साथ हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराते हुए माया देवी पक्ष को बेदखल कर दिया। इस दौरान प्रशासन ने रासबिहारी गोस्वामी आदि को सेवा पूजा का चार्ज दिलवाया। वहीं पुलिस ने पांच दिन पूर्व दो घटा मंदिर के पट बंद रखने वाले दो पुजारियों को हिरासत में लिया।
विदित हो कि स्व. हरवंश गोस्वामी की छह माह की सेवा पूजा को लेकर काफी लंबे समय से लाडिली जी मंदिर सेवा के अधिकार को लेकर विवाद चल रहा था। इस दौरान हरवंश गोस्वामी की पत्नी माया देवी खुद को सेवा का अधिकारी बताती थीं तो वहीं हरवंश गोस्वामी के परिवारीजन खुद को। विवाद के चलते कई बार मंदिर बंद रहा। शनिवार को जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्रा के आदेश पर नायब तहसीलदार सतीश कुमार व प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह ने पुलिस बल के साथ हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन कराते हुए रासबिहारी आदि को सेवा पूजा का चार्ज दिलवाया। बताते चले कि रासबिहारी गोस्वामी आदि विधिवत चार नवंबर को सेवा में काबिज हुए। वहीं 13 नवंबर को एसडीएम गोवर्धन नागेंद्र कुमार के आदेश पर पुलिस ने माया देवी पक्ष को सेवा दिलवा दी। एसडीएम गोवर्धन के आदेश के खिलाफ रासबिहारी गोस्वामी हाईकोर्ट चला गया। वहीं सेवा के अधिकार को लेकर माया देवी ने सिविल जज जूनियर डिवीजन के यहां स्टे की मांग की थी, लेकिन सिविल कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। इन तमाम बिंदुओं व हाईकोर्ट के आदेश पर डीजीसी सिविल की राय को देखते हुए प्रशासन ने रासबिहारी गोस्वामी को सेवा का अधिकार दिलवा दिया। वहीं पांच दिन पहले दो घंटे मंदिर बंद करने वाले पुजारी भगवानदास गोस्वामी व हेमंत गोस्वामी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
जिस आदेश से माया देवी सेवा में काबिज हुई थी। उसे हाईकोर्ट ने तथ्यहीन कर दिया। वहीं सिविल से माया देवी की स्टे याचिका खारिज हो गई। सभी प्रकरण पर डीजीसी की विधिक राय के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर रासबिहारी गोस्वामी को सेवा दिलवाई गई है।
नागेंद्र कुमार
उपजिलाधिकारी गोवर्धन। प्रशासन के आदेश का पुलिस ने पालन कराया है। शांतिपूर्वक माया देवी पक्ष के सेवायतों ने रासबिहारी गोस्वामी को सेवा सौंप दी।
वीरेंद्र कुमार
प्रभारी निरीक्षक बरसाना।