लाडिली तेरे दरबार की हर शाम निराली..
लुधियाना के श्रद्धालुओं ने लगाया भव्य छप्पनभोग रंग बिरंगी रोशनी से जगमग हुआ लाडिलीजी मंदिर
बरसाना, संसू। लाडिली तेरे दरबार की हर शाम निराली, कुछ इसी अंदाज के साथ रविवार की शाम लाडिली जी मंदिर दुल्हन की तरह सज रहा था। पूरा मंदिर परिसर सुंगधित फूलों से महक रहा था। वहीं बृषभानु दुलारी भी भव्य फूल बंगला में विराजमान होकर अपने भक्तों पर कृपा का सागर वर्षा रही थी।
वैसे तो श्रीधाम बरसाना में हर रोज उत्सव व कार्यक्रम होते रहते हैं, लेकिन रविवार की शाम लाडिली जी मंदिर की छठा निराली नजर आ रही थी। पूरा मंदिर रंग बिरंगी रोशनी से जगमग नजर आ रहा था। वहीं बृषभानु दुलारी भी जगमोहन में स्थित भव्य फूल बंगले में विराजमान होकर अपने भक्तों पर कृपा का सागर उड़ेल रही थी। इस दौरान राधारानी को लुधियाना के भक्तों द्वारा छप्पनभोग लगाया गया। विदेशी फूलों की महक से पूरा मंदिर परिसर महक रहा था। राधा नाम की गूंज से श्रद्धालु आनन्द की मस्ती में झूम रहे थे।