विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन समय को लेकर मतभेद, भाई दूज से बदलता है टाइम

By Vipin Parashar Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 10 Nov 2026 06:08 PM (IST)

भाईदूज से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में शीतकालीन सेवा शुरू होगी, जिससे दर्शन के समय में बदलाव होगा। हालांकि, मंदिर प्रबंधन ...और पढ़ें

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भाईदूज से शीतकालीन सेवा की शुरूआत होगी। ऐसे में ठाकुरजी के पट सुबह एक घंटे देर से खुलेंगे। इसी तरह शाम को एक घंटे मंदिर के पट जल्द खुलेंगे और रात को एक घंटे पहले पट बंद हो जाएंगे। दर्शन समय बदलने के साथ ही ठाकुरजी को विश्राम का समय भी अधिक मिलेगा तो ठाकुरजी के भोगराग में भी बदलाव होगा।

भोग में शीतल पदार्थों की मात्रा में कमी करके गरिष्ठ व्यंजनों की मात्रा बढ़ाई जाएगी। पोशाक भी मोटे कपड़े की धारण करवाई जाएगी, ताकि शीत का प्रभाव ठाकुरजी पर न पड़े। ठाकुरजी के दर्शन समय को लेकर एकबार फिर मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति और सेवायतों के बीच मतभेद उजागर हुए हैं।

समिति ने जो दर्शन समय की सारिणी जारी की है, उसके विपरीत सेवायतों ने अपनी पुरानी समय सारिणी के अनुसार ही दर्शन समय निर्धारित करने की घोषणा कर डाली है। समिति अध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कड़ाई के साथ समिति की समय सारिणी का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने परंपरा के अनुसार भाईदूज से बदलने वाले ठाकुरजी के दर्शन समय में बदलाव किया है। समिति द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार मंदिर के पट सुबह आठ बजे खुलेंगे और दोपहर डेढ़ बजे बंद होंगे।

शृंगार आरती सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर और राजभोग आरती एक बजकर 25 मिनट होगी। शाम को मंदिर के पट चार बजे खुलेंगे और रात नौ बजे बंद होंगे। शयनभोग आरती रात आठ बजकर 55 मिनट पर होगी।

इसके उलट मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति में शामिल सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने सेवायताें की ओर से तय किए दर्शन समय की सारिणी के अनुसार दर्शन खाेलने का निर्णय लिया है। इस समय सारिणी के अनुसार मंदिर के पट सुबह आठ बजकर 45 मिनट पर खुलेंगे और शृंगार आरती आठ बजकर 55 मिनट पर, राजभोग आरती 12.55 बजे, मंदिर के पट एक बजे बंद होंगे।

वहीं शाम को मंदिर के पट साढ़े चार बजे खुलेंगे और शयनभोग आरती रात आठ बजकर 25 मिनट पर होगी तथा साढ़े आठ बजे मंदिर के पट बंद हो जाएंगे। ये व्यवस्था होली तक चलेगी। वर्तमान में ग्रीष्मकालीन दर्शन समय के अनुसार सुबह 7.45 बजे पट खुलने के बाद दोपहर साढ़े बारह बजे पट बंद हो रहे थे, शाम को साढ़े पांच बजे से रात साढ़े नौ बजे तक ठाकुरजी के दर्शन भक्तों को हो रहे थे।

मंदिर के पट खुलने की जो समय सारिणी उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने जारी की है, उसी के अनुसार ही मंदिर के दर्शन सेवायतों को खोलने होंगे। ये निर्देश दे दिए गए हैं। इसमें अगर कोई अव्यवस्था होती है तो समिति मामले की गंभीरता पर विचार करेगी।

-

-अशोक कुमार, अध्यक्ष, उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।