विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाईदूज पर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, वृंदावन की गलियां जाम; स्थानीय लोग घरों में कैद

Published: Wed, 11 Nov 2026 04:43 PM (IST)

भाईदूज पर वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे आसपास की गलियां जाम हो गईं और स्थानीय लोग घरों में कैद हो गए।

मंदिर के दर्शन समय और ठाकुरजी के भोगराग में भी बदलाव किया गया है।

मंदिर के दर्शन समय और ठाकुरजी के भोगराग में भी बदलाव किया गया है।

संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। पर्व-उत्सव काेई हो, लेकिन, ठाकुर बांकेबिहारी के भक्त अपने आराध्य का आशीर्वाद लेना नहीं भूलते। दीपावली पर भले ही आराध्य के आंगन में नहीं पहुंच सके। लेकिन, दीपावली के बाद से बांकेबिहारी का आंगन भक्तों की भीड़ से गुलजार है।

इतना ही नहीं भाईदूज की सुबह से ही मंदिर में दर्शन को आए श्रद्धालुओं की भीड़ से हालात ऐसे बिगड़े कि आसपास का हर क्षेत्र भक्तों की भीड़ से जाम हो गया। ऐसे में मंदिर क्षेत्र के लगभग एक हजार से अधिक घरों में स्थानीय लोग कैद होकर रह गए। दोपहर को जब मंदिर के पट खुले तो महिलाएं अपने भाईयों के घर टीका करने को निकलीं, तो भाई अपनी बहनों के घर के लिए रवाना हुए।

भाईदूज से मंदिर के दर्शन समय में बदलाव होता आया है। लेकिन, इसबार उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति और मंदिर सेवायतों ने दर्शन समय बदलाव की अपनी अपनी अलग समयसारिणी जारी कर दी। लेकिन, भाईदूज के दिन समिति द्वारा तय समय सुबह 8 बजे से पांच मिनट पहले 7.55 पर ही मंदिर सेवाधिकारी ने ठाकुरजी के पट खोले। जिसका बड़ा लाभ श्रद्धालुओं को जल्द दर्शन मिलकर हुआ। जबकि सेवायतों की जारी समय सारिणी के अनुसार सुबह 8.45 बजे पट खुलने थे।

ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भाईदूज की भोर में छह बजे से ही मंदिर के आसपास भक्तों का जमावड़ा शुरू हुआ तो कम होने का नाम नहीं ले रहा था। श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि लगातार हो रही थी। जैसे ही सुबह 7.55 बजे मंदिर के पट खुले तो ठाकुरजी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। धीरे-धीरे श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करते और दर्शन करके बाहर निकलते रहे। सबकुछ सामान्य ही था कि सुबह नौ बजे से पुलिस ने श्रद्धालुओं की संख्या में हो रही वृद्धि को देख मंदिर आने वाले रास्तों में रस्से से बैरियर लगाना शुरू कर दिया और श्रद्धालुओं को रोक रोककर आगे बढ़ाया। बस यहीं से न केवल श्रद्धालुओं बल्कि स्थानीय लोगों की आफत शुरू हो गई।

विद्यापीठ से मंदिर आने वाले रास्ते में ठाकुर गली, दुसायत, गोवर्धन दरवाजा, मनीपाड़ा, कुम्हारपाड़ा की गली में रहने वाले श्रद्धालु अपने घरों में कैद होकर रह गए। जबकि विद्यापीठ से मंदिर की गली तक पूरी तरह बाजार में भीड़ का दबाव बन गया और बैरियर खुलते ही श्रद्धालुओं की दौड़ में आपाधापी का माहौल बनता दिखने लगा। ये सिलसिला दोपहर को मंदिर के पट बंद होने तक बने रहे। जब मंदिर के पट बंद हुए तो स्थानीय लोगों ने भाईदूज का उत्सव मनाने के लिए घर से बाहर निकलना उचित समझा।

दर्शन समय संग बदला ठाकुरजी का भोगराग

ठाकुरजी के दर्शन समय में भाईदूज से बदलाव के साथ भोगराग में भी बदलाव हो गया। मंदिर सेवायत श्रीनाथ गोस्वामी के अनुसार ठाकुरजी को अब मोटे कपड़े की पोशाक धारण करवाई जा रही है और भोग में तरल पदार्थाेंं की मात्रा में कमी करके गरिष्ठ व्यंजनों की मात्रा में वृद्धि की गई है। इसके साथ ही केसर दूध, सूखे मेवा की मात्रा ठाकुरजी के भोग में बढ़ा दी गई है। ताकि सर्दी का प्रभाव ठाकुरजी पर न पड़ सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।