मकर संक्रांति पर बांकेबिहारी को परोसी पंचमेवा युक्त खिचड़ी
श्रद्धालुओं ने किया दान-पुण्य, यमुना स्नान कर लगाई परिक्रमा
वृंदावन, जासं। मकर संक्रांति पर ठा. बांकेबिहारी समेत अनेक मंदिरों में दर्शन कर श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य किया। सुबह यमुना स्नान करने को घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी। इसके बाद श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर मंदिरों के दर्शन किए। बांकेबिहारी समेत अनेक मंदिरों में ठाकुरजी को दोपहर राजभोग में पंचमेवा से युक्त खिचड़ी, गजक, खीर, चटनी, मीठी खिचड़ी आदि का प्रसाद अर्पित किया।
बांकेबिहारी मंदिर में मकर संक्रांति पर सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। हालांकि पिछले सालों के बजाय इस साल श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट नजर आई तो दर्शनार्थियों को भी राहत महसूस हुई।
ठा. बांकेबिहारी मंदिर के अलावा श्रद्धालुओं ने राधाबल्लभ मंदिर, राधारमण, राधा दामोदर, राधा श्यामसुंदर समेत अनेक मंदिरों में दर्शन किए। सुबह यमुना स्नान किया और वृंदावन की पंचकोसीय परिक्रमा भी की।