विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलदेव से हाथरस तक का सफर होगा आसान, 22KM लंबी सड़क का 64 करोड़ की लागत से हो रहा चौड़ीकरण

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:25 PM (IST)

बलदेव से हाथरस तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का 64 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण किया जा रहा है। 

तस्वीर- जागरण

तस्वीर- जागरण

HighLights

  1. 22 किमी बलदेव-हाथरस सड़क का चौड़ीकरण जारी।

  2. 64 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना पूरी होगी।

  3. श्रद्धालुओं, किसानों, व्यापारियों को आवागमन में सुविधा।

जागरण संवाददाता, मथुरा। दाऊजी महाराज की नगरी बलदेव को पड़ोसी जिले हाथरस से जोड़ने वाले मार्ग की सूरत बदलने जा रही है। बलदेव गोशाला से सादाबाद सीमा तक करीब 22 किलोमीटर लंबी सड़क का चौड़ीकरण कराया जा रहा है। 64 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों, किसानों और व्यापारियों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

अब तक करीब 10 मीटर चौड़ी रही इस सड़क को उपलब्ध स्थान के अनुसार दोनों ओर चार से छह मीटर तक विस्तारित किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड की देखरेख में अधिकांश हिस्से में चौड़ीकरण का काम पूरा हो चुका है। शहरी क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।

बलदेव में दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए वर्षभर श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासकर धार्मिक आयोजनों और लक्खी मेले के दौरान यातायात का दबाव बढ़ जाता है। सड़क चौड़ी होने से हाथरस की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। इसके अलावा किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने और व्यापारियों को माल की ढुलाई में भी आसानी होगी।

सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में तीन अन्य मार्गों के विकास की भी तैयारी है। इसके लिए शासन को करीब 35 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें बलदेव-मई मार्ग, बीबीके रोड से आंगई माइनर होते हुए कंजौलीघाट तक सड़क और बीबीके रोड बरौली से नगला संजा-अकोस तक मार्ग का निर्माण शामिल है।

बलदेव धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां दाऊजी महाराज के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसलिए क्षेत्र की सड़कों को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। 22 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण पूरा होने से हाथरस और बलदेव के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।

- पूरन प्रकाश, विधायक बलदेव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।