अन्नकूट उत्सव में ठाकुरजी को परोसे गए छप्पन व्यंजन
रंगजी मंदिर, गोदा विहार, राधाकांत मंदिर व मीराबाई मंदिर में मनाया अन्नकूट उत्सव
वृंदावन, जासं: दीपावली के बाद तीर्थनगरी वृंदावन के मंदिरों में अन्नकूट उत्सव के आयोजन लगातार चल रहे हैं। सोमवार को भी शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में अन्नकूट उत्सव मनाया गया।
रंगनाथ मंदिर में सोमवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया। सैकड़ों किलो सामग्री से बना अन्नकूट प्रसाद ठाकुरजी को अर्पित किया गया। छप्पन से ज्यादा बने व्यंजन मंदिर के जगमोहन में बड़े बर्तनों में भगवान के सामने परोसे गए। 240 किलो चावल से बना पहाड़ भी मनोहारी था। भगवान रंगनाथ के अन्नकूट महोत्सव के दर्शन के लिए श्रद्धालु भी उमड़ पड़े।
मंदिर गोदा विहार में ठा. लक्ष्मी नारायण महाराज के अन्नकूट महोत्सव में छप्पन प्रकार के व्यंजन परोसे गए। अन्नकूट दर्शनों को श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में डटी रही। देर शाम तक मंदिर में प्रसाद वितरित हुआ।
मीराबाई मंदिर में अन्नकूट उत्सव में ठाकुरजी को छप्पन प्रकार के व्यंजन परोसे गए। उत्सव में भक्तों ने मीराबाई के भजनों का गायन कर आनंद की अनुभूति प्राप्त की। दिनभर अन्नकूट दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।
रंगजी मंदिर के समीप राधाकांत मंदिर में भी अन्नकूट उत्सव मनाया गया। इससे पहले आचार्य विष्णुकांत शास्त्री, मृदुलकांत शास्त्री के सान्निध्य में तुलसी पूजन हुआ। इसके बाद ठाकुरजी को भोग में अन्नकूट परोसा गया।