अभी तक सांस लेने में दिक्कत तो किसी के गले में परेशानी
गैस रिसाव से हुई शिकायत के बाद पूरी तरह सही नहीं हो सके हैं बीमार नगला चंद्रभान के लोगों में दहशत भविष्य को लेकर आशंकित आक्रोश
मथुरा, जासं। नगला चंद्रभान में गैस लीक होने से बीमार लोग अपने जीवन को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं। गैस की चपेट में आए लोग अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। किसी को सांस लेने में दिक्कत हो रही है तो किसी को गले में परेशानी महसूस हो रही है। बीमार निजी डॉक्टरों से उपचार करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम घटना के बाद भी नगला चंद्रभान नहीं गई है।
इंड्रस्ट्रियल एरिया स्थित प्रेम आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से नगला चंद्रभान के 29 लोग बीमार हो गए थे। घटना के बाद से फैक्ट्री तो बंद है और उसका अभी तक संचालन भी शुरू नहीं हो सका है।
इधर, लोग पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। घटना के बाद न तो पुलिस और न ही स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों का हाल जानने पहुंची हैं। स्थानीय लोगों का कहना कि यदि किसी दिन रात में इस तरह गैस लीक की घटना होती है तो बड़ा हादसा होना तय है। अभी तबियत पूरी तरह ठीक नहीं हैं। मंगलवार को एक डॉक्टर से दवा लेकर आनी पड़ी है। केवल घटना के दिन ही प्रशासन आया था, उसके बाद किसी ने यहां ध्यान नहीं दिया है।
लक्ष्मी, नगला चंद्रभान आंखों में अभी भी जलन हो रही है। दिन में कई बार आंखों को पानी से साफ करना पड़ रहा है और दवा डालनी पड़ रही है। चिकित्सकों को भी यहां टीम भेजकर उपचार कराना चाहिए।
पार्वती उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत है। तीन दिन बाद भी तबियत पूरी तरह ठीक नहीं हो सकी है। बिस्तर से उठा तक नहीं जा रहा है। कई अन्य लोगों का यही हाल है।
नीतू सांस लेने में अभी तक दिक्कत महसूस हो रही है। दवा भी चल रही है। अभी पूरी तरह सही होने में दो-तीन दिन लग सकते हैं। यदि फैक्ट्रियों पर लगाम नहीं लगाई गई तो जीना मुश्किल हो जाएगा।
नीलम तबियत में सुधार है, लेकिन अभी पूरी तरह राहत महसूस नहीं हो रही है। अब यही डर है कि कहीं गैस फिर लीक न हो जाए। काफी घबराहट रहती है।
सुनीता काफी कमजोरी महसूस हो रही है। ठीक से चला नहीं जा रहा है। यदि प्रशासन ने फैक्ट्रियों पर शिकंजा नहीं कसा तो किसी भी दिन कोई घटना हो सकती है।
कस्तूरी देवी