विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

28 ठिकानों पर छापामारी, 300 पुलिसकर्मियों ने 100 संदिग्ध उठाए; साइबर ठगों के गढ़ पर मथुरा पुलिस की कार्रवाई

Published: Tue, 07 Jul 2026 12:25 PM (GMT+05:30)

मथुरा पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार थाना क्षेत्रों के 28 ठिकानों पर छापेमारी की। ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. मथुरा पुलिस ने 28 साइबर ठिकानों पर की छापेमारी।

  2. 300 पुलिसकर्मियों ने 100 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया।

  3. साइबर ठगी के बढ़ते मामलों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, मथुरा। साइबर ठगों के खिलाफ मंगलवार सुबह पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार थाना क्षेत्रों के 28 संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। आठ क्षेत्राधिकारी, 16 थानों की पुलिस, दो कंपनी पीएसी और करीब 300 पुलिसकर्मियों ने साइबर ठगों के नेटवर्क को चारों ओर से घेर लिया।

कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन शुरू कर दिया गया है। पुलिस अभियान से साइबर ठगों में हड़कंप मच गया।

साइबर ठगों के गढ़ पर मथुरा पुलिस की छापेमारी

साइबर ठगी के लगातार बढ़ते मामलों पर शिकंजा कसते हुए एसएसपी श्लोक कुमार ने मंगलवार तड़के बड़े स्तर पर संयुक्त अभियान चलाया। कोसीकलां थाना क्षेत्र के उटावड़, शेरगढ़ क्षेत्र के जंघावली, बरसाना क्षेत्र के हाथिया और गोवर्धन थाना क्षेत्र के देवरस गांव में एक साथ छापेमारी कर साइबर ठगों के 28 संदिग्ध ठिकानों को घेर लिया गया। अभियान के लिए पुलिस ने पूरी रणनीति के साथ फोर्स तैनात की थी।

28 ठिकानों की घेराबंदी, 300 पुलिसकर्मियों ने 100 संदिग्धों को उठाया

आठ क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में 16 थानों की पुलिस, दो कंपनी पीएसी और करीब 300 पुलिसकर्मी सुबह होने से पहले ही गांवों में पहुंच गए। पुलिस ने सभी प्रमुख रास्तों की घेराबंदी कर संदिग्धों के भागने के रास्ते बंद कर दिए। इसके बाद अलग-अलग टीमों ने एक साथ ठिकानों पर दबिश दी।

यह भी पढ़ें- आगरा में कातिल पत्नी का कबूलनामा: बोली- छोड़ देती तो जेल से भी बदतर होती जिंदगी, 16 साल से सह रही थी पति की पिटाई

कार्रवाई के दौरान करीब 100 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए उठाया गया। पुलिस सभी संदिग्धों के दस्तावेज, मोबाइल फोन, बैंक खातों और आपराधिक गतिविधियों का सत्यापन कर रही है। जिन लोगों की साइबर ठगी में संलिप्तता मिलेगी, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

गांव में सुबह पुलिस को देखकर मची खलबली

भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी के चलते गांवों में सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी।

चार थाना क्षेत्रों में 28 स्थानों पर दबिश दी गई

एसपी ग्रामीण आईपीएस सुरेश चंद रावत ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चार थाना क्षेत्रों में 28 स्थानों पर दबिश दी गई है। कार्रवाई के दौरान 100 संदिग्धों को सत्यापन के लिए हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है तथा उनके रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति साइबर ठगी में शामिल पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में फिर से मानसून एक्टिव: 55 जिलों में भारी बारिश, IMD का वाराणसी-प्रयागराज व लखनऊ में आंधी-तूफान का अलर्ट