विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जागे देव, गूंजी शहनाई, बरात की रही धूम, लगा जाम

By JagranEdited By:
Published: Mon, 15 Nov 2021 06:00 AM (IST)

देवोत्थान पर घर-घर हुई पूजा गन्ना सकरकंदी और सिघाड़े की हुई बिक्री आज सुबह खिचड़ी का लगेगा भोग

जागे देव, गूंजी शहनाई, बरात की रही धूम, लगा जाम
जागे देव, गूंजी शहनाई, बरात की रही धूम, लगा जाम

जासं, मैनपुरी: चार माह से सोए देव रविवार को जाग गए। घरों में विधि- विधान से पूजा हुई तो विवाह के मांगलिक गीतों का गायन और शहनाई की गूंज सुनाई देने लगी। पहले ही दिन शहर और जिले में चार सौ अधिक शादियां हुईं। सड़कों पर बरात चढ़ने से जाम के हालात बनते रहे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ गया।

देवोत्थान एकादशी पर देवताओं को जाग्रत करने के लिए घरों में धार्मिक कार्यक्रम हुए। महिलाओं ने चावल को पीसकर चौक बनाए। देवताओं की छवि उकेर कर गन्ना, सकरकंदी, सिघाड़ा और अन्य सामग्री पूजन को रखी गई। देवता की छवि को ढक दिया गया। आरती के बाद पुरुष और महिलाओं ने पूजा की। आज चावल के घोल से बनाई देवताओं की छवि को निहारा जाएगा। इसके बाद खिचड़ी का भोग लगाकर परिवार की खुशियों की कामना की जाएगी। देव जागने के साथ ही शहर और कस्बों में शहनाई गूंज उठी। बैंडबाजों की धुन से माहौल पुलकित हो उठा। सड़कों पर बैंड, बाजा और बरात होने से शहर में शाम से रात होने तक जाम के हालात बनते रहे। इसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ गया।

पहले दिन 400 से अधिक शादियां

देवोत्थान के दिन शहर और कस्बों के अलावा गांवों में भी शादियां हुई। शहर के अधिकांश मैरिज होम रविवार को फुल दिखे। एक अनुमान के मुताबिक, करीब चार सौ शादियां हुई हैं। अब आगामी तिथियों में होने वाली शादियों के लिए शहर की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ नजर आई। कपड़ा, ज्वैलरी और सौंदर्य सामान की दुकानों के अलावा चूड़ी दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ दिखी। ब्यूटी पार्लर पर भी संवरने को महिलाओं की भीड़ दिखी।

स्टेशन रोड पर रहा जाम का झाम

सहालग के पहले ही दिन शहर के स्टेशन रोड पर शाम से रात होने तक कई बार सड़कों पर जाम के हालात बनते रहे। बरात के आगे चलने वाले बैंड-बाजा राह में अड़चन बनते रहे। इसके अलावा देवी रोड पर भी ऐसे हालात कई बार बने।

20 से 40 रुपये में बिका गन्ना

एकादशी पर गन्ने की पूजा होती है। इसको लेकर इनकी खूब बिक्री हुई। शहर में गन्ने को लेकर अलग-अलग रेट भी दिखे। देवी रोड पर सुबह 20 रुपये में एक और दोपहर में 15 का एक बिका, जबकि भांवत चौराहे के पास एक गन्ना 40 रुपये में बेचा गया।