पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह का सपा मुखिया पर तंज, 'बंगाल में स्टूल पर बैठकर अखिलेश यादव ने यूपी को किया शर्मसार'
Mainpuri News यूपी सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव के बंगाल दौरे पर बयान दिया है। कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री ने उन्हें स्टूल पर बैठाया समाजवादी पार्टी के नेता बेरोजगार हो गए हैं।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी सपा मुखिया अखिलेश यादव के साथ चल रही बयानबाजी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को फिर हमला बोला। पर्यटन मंत्री ने कहा कि अखिलेश पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने गए थे, जहां उन्हें स्टूल पर बैठा दिया गया। उन्होंने यह करके उत्तर प्रदेश को भी शर्मसार किया है।
अखिलेश यादव भाजपा को कर रहे मजबूत
शुक्रवार शाम को मैनपुरी में पत्रकारों से वार्ता में जयवीर सिंह ने सपा सुप्रीमो के पर्यटन मंत्री के सपा से मिले होने वाले दिए गए बयान पर कहा कि अखिलेशजी जो कह रहे हैं, वह सच है तो उन्हें मुझे धन्यवाद देना चाहिए था। हकीकत में अखिलेश यादव भाजपा को मजबूत करने और लगातार जिताने का काम कर रहे हैं। उसी का नतीजा है कि लगातार चार चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा पूरी 80 सीटें जीतेगी।
सपा को सबसे अधिक परेशानी मुझसे
जान को खतरा होने के बयान के सवाल पर कहा कि सपा को सबसे ज्यादा परेशानी मुझसे ही हो रही है, क्योंकि सपा की गुंडई का सबसे ज्यादा सामना मैंने ही किया है। मंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देना हमारे विभाग का काम है। अभी अखिलेश यादव पश्चिम बंगाल में पर्यटन करके आए हैं। सैफई परिवार के काफी लोग अपने आप को बेरोजगार महसूस कर रहे हैं। यदि वह लोग रोजगार लेने के लिए हमारी नीतियों और रीतियों पर विश्वास कर रहे हैं तो उन्हें भी हम पर्यटन के लिए आकर्षित करेंगे।