यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आंदोलन की आड़ में टिकैट ने जुटाई अकूत संपत्ति, सरकार कराए जांच: हरनाथ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के दूसरे दिन भाजपा के राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मैनपुरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा के दूसरे दिन भाजपा के राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने किसान नेता राकेश टिकैत पर बड़ा हमला बोला। राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि किसान आंदोलन की आड़ में विदेशी ताकतों का देश विरोध खेल चल रहा था। इसके नाम पर राकेश टिकैत ने अकूत संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने सरकार से संपत्ति की जांच कराने की भी मांग की।
राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने शनिवार को होटल राज रीजेंसी में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह हमला बोला। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि किसान आंदोलन की आड़ में देश को तोड़ने का एजेंडा चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानूनी वापस लेने का फैसला लेकर यह खेल खत्म कर दिया है। प्रधानमंत्री के निर्णय से आंदोलन की आड़ में चल रही कांग्रसे और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की राजनीति भी समाप्त हो गई है। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, अजय पाल सिंह चौहान, अनुराग पांडेय, भूपेंद्र याद, राहुल भारतीय, प्रदीप राज चौहान आदि उपस्थित थे।
कृष्ण जन्मभूमि मस्जिद की भूमि हिदुओं को सौंपें मुस्लिम भाई
पत्रकार वार्ता में राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इस देश में भगवान श्रीराम, शिव और श्रीकृष्ण आस्था का विषय हैं। विदेशी आक्रांताओं ने हमारे देश की संस्कृति और हिदुओं के स्वाभिमान को कमजोर करने के लिए मंदिरों को नुकसान पहुंचाया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी इसी तरह मस्जिद बनाई गई। देश में कहा जाता है कि हिदु-मुस्लिम भाई-भाई हैं। यदि ऐसा है तो मुस्लिमों को अपने बड़े भाई हिदुओं के लिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि के साथ बनी ईदगाह मस्जिद की भूमि सौंप देनी चाहिए।
