दूसरे दिन भी नौ घंटे बिजली गायब, उमस से परेशान रहे लोग
मैनपुरी जासं। सिविल लाइन उपकेंद्र में रिले मशीनों के बर्स्ट होने से गहराया विद्युत संकट दूसरे दिन भी हावी रहा। मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार को भी नौ घंटों तक बिजली गुल रही। उमस की वजह से लोग गर्मी से परेशान रहे।
जासं, मैनपुरी: सिविल लाइन उपकेंद्र में रिले मशीनों के बर्स्ट होने से गहराया विद्युत संकट दूसरे दिन भी हावी रहा। मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार को भी नौ घंटों तक बिजली गुल रही। उमस की वजह से लोग गर्मी से परेशान रहे।
वीसीबी (वेक्यूम सर्किट ब्रेकर) पैनल से जुड़ी रिले लाइन में ओवरलोडिग की वजह से बार-बार हुए फॉल्ट ने सिविल लाइन उपकेंद्र से जुडे़ क्षेत्रों की समस्या बढ़ा दी है। बुधवार को लाइन खराब होने से बड़े क्षेत्र की आपूर्ति ठप पड़ गई थी। करीब चौदह घंटे बाद दूसरे उपकेंद्र से आपूर्ति जोड़कर सप्लाई चालू करा दी गई थी। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे दोबारा फॉल्ट हो गया। दोपहर एक बजे तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। स्थिति यह रही कि लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा। इनवर्टर जवाब दे गए। उमस भरी गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो गया। नौ घंटों के बाद दोपहर लगभग डेढ़ बजे सप्लाई चालू कराई गई। अधिशासी अभियंता मागेंद्र अग्रवाल का कहना है कि उपकेंद्र की मशीनों को नए कक्ष में स्थापित कराया जाना है। यहां की पुरानी मशीनों को भी बदलवाया जाएगा। फिलहाल दो मशीनों को स्थापित करा समस्या का निदान करा दिया गया है।
इन क्षेत्रों में हुई समस्या
फॉल्ट की वजह से पुलिस लाइन रोड, ऑफीसर्स कॉलोनी, कलक्ट्रेट, जेल रोड, कचहरी रोड, कुरावली रोड, अवाबाग कॉलोनी, राजा का बाग, गोपाल नगर, जिला अस्पताल परिसर, आवास विकास कॉलोनी, पुरानी मैनपुरी, बागवान, पुरोहिताना, चुंगी मार्ग, आश्रम रोड सहित आधा सैकड़ा कॉलोनियों की आपूर्ति बाधित रही।
इंस्टॉल हुईं दो रिले मशीनें
गुरुवार को विद्युत संकट को दूर करने के लिए उपकेंद्र पर दो नई रिले मशीनों को भेजा गया। अधिकारियों और तकनीशियन की टीम दिन भर दोनों को इंस्टॉल करने में लगी रही। अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों मशीनों के इंस्टॉल होने के बाद बहुत हद तक संकट का निदान हो जाएगा।