तीन गांवों को जोड़ने वाली राह कच्ची
ग्राम पंचायत कुतुबपुर बुजुर्ग की तस्वीर नहीं बदल सकी है। बारिश के मौसम में मार्ग दलदल बन जाता है जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
संसू, करहल, मैनपुरी: आजादी के बाद से अब तक ग्राम पंचायत कुतुबपुर बुजुर्ग की जनता ने कई को प्रधान बनाया, लेकिन गांव की सूरत वादे के बाद भी नहीं बदल सकी। आज भी ग्राम पंचायत के गांव नगला खुंडे, नगला धारा और नगला बिहारी को जोड़ने वाली राह कच्ची है। बरसात में ये मार्ग दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
शुक्रवार को जागरण टीम ने ग्राम पंचायत के नगला धारा, शेखूपुर होकर नगला बिहारी में संपर्क मार्ग का हाल देखा। धूल भरी राह पर चलना दुश्वार हो रहा था। ग्राम पंचायत कुतुबपुर के गांव शेखूपुर में सड़क पर जलभराव की समस्या पिछले पांच साल बाद भी बनी हुई, घरों से आने वाला गंदा पानी रामचंद्र यादव के दरवाजे भरा रहता है। जलभराव से सड़क से होकर लोग निकल नहीं पाते हैं, रामचंद्र के चबूतरे पर चढ़कर ही आना- जाना होता है। जलभराव की वजह से मच्छर रात को काटते हैं। रामचंद्र यादव, भीम सिंह ने जलभराव की समस्या दूर करने के लिए निवर्तमान प्रधान, अधिकारियों से समस्या समाधान के लिए मांग की, मगर कुछ नहीं हो सका। रजबहा तक नाली बनवाई जाए-
ग्रामीणों का कहना है सड़क पर हर समय भरे रहने वाले गंदे जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए रामचंद्र के मकान से गांव के दक्षिणी किनारे पर बहने वाले रजवाहा तक नाली बनवा दी जाए।
- ग्रामीणों की बात-
पूरी मदद करके हम लोगों ने इस उम्मीद के साथ प्रधान को वोट दिया था कि गांव की मेरे घर के सामने से जाने वाली सड़क पक्की करा देगा, उसने वादा भी किया था। पांच साल तक आश्वासन ही देता रहा।
-नत्थू सिंह यादव, गांव नगला धारा।
प्रधान ने वादा तो किया था कि हम नगला खुंडे से लेकर नगला बिहारी तक कच्ची सड़क को पक्का करा देंगे, मगर ऐसा नहीं हुआ। आज भी समस्या बरकरार है।
-सुमेश कुमार, नगला बिहारी।
मेरे घर के सामने जलभराव की समस्या के समाधान को निवर्तमान प्रधान ने कतई प्रयास नहीं किया, जबकि कई बार समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया था।
-रामचंद्र यादव, शेखुपुर।