देवी मंदिरों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
नवरात्र के आठवें दिन माता के मंदिरों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़
मैनपुरी, जागरण संवाददाता:
नवरात्र के आठवें दिन माता के मंदिरों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा, श्रद्धालुओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर मनौती मांगी। वहीं भक्तों ने मनौती पूरी होने पर माता के आंगन में गाजे-बाजे के साथ नेजा भी चढ़ाए।
शनिवार सुबह से ही शहर के कुरावली रोड स्थित प्राचीन माता शीतला मंदिर पर भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही थी। वहीं काली माता मंदिर, देवी रोड स्थित दुर्गा मंदिर, गमा देवी मंदिर के अलावा कस्बों में भी देवी मंदिरों पर श्रद्धा का अतिरिक्त दिखाई देता रहा। श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूरी होने पर माता को नेजा समर्पित किए। गाजे-बाजे के साथ में नेजा लेकर जाते हुए श्रद्धालु झूमते हुए नजर आए। सुरक्षा के इंतजाम भी चौकस देखें। घर-घर कन्या- लांगुराओं का पूजन-
शहर और कस्बों में शनिवार को अष्टमी और नवमीं मनाई गई। श्रद्धालुओं ने घरों में माता रानी का पूजन कर आह्वान किया। कन्या और लांगुराओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया, उनको उपहार भी दिए गए। कन्याओं की हुई खोज-
प्रसाद ग्रहण कराने के लिए शनिवार को नागरिकों को कन्याओं की तलाश करनी पड़ गई। कालोनियों में बालिकाओं की सबसे ज्यादा पुकार हुई। एक-एक कन्या को कई घरों में प्रसाद ग्रहण करना पड़ा, ऐसा बालिकाओं की कमी से हुआ। तिथि को लेकर असमंजस-
शनिवार को भी श्रद्धालुओं में तिथि को लेकर असमंजस बना रहा। घरों में अष्टमी और नवमी की पूजा आराधना की गई। कन्या- लांगुराओं को प्रसाद खिला कर उपहार दिए गए। वैसे नवमी रविवार दोपहर 11 बजे तक भी बताई जा रही है। ऐसे में कुछ घरों में श्रद्धालु रविवार को भी नवमीं मनाएंगे।