रात में बारिश, दिन में बूंदाबांदी
मौसम अभी बिगड़ा हुआ है। रात को झमाझम बारिश के बाद भी राहत नहीं मिली। सुबह से ही आसमान पर बादलों का अनवरत डेरा जमा होने से सूरज नहीं चमक सके तो धूप भी नजर नहीं आई। दिन में सर्दी का अहसास नागरिकों को सताता रहा। वहीं अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस पर नजर आया।
जासं, मैनपुरी : मौसम अभी बिगड़ा हुआ है। शनिवार रात को झमाझम बारिश के बाद भी राहत नहीं मिली। रविवार को सुबह से ही आसमान पर बादलों का अनवरत डेरा जमा होने से सूरज नहीं चमक सके तो धूप भी नजर नहीं आई। दिन में सर्दी का अहसास नागरिकों को सताता रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस पर नजर आया।
कई दिन से मौसम की चाल बदली हुई है। बूंदाबांदी और बारिश के चलने से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। बीती रात दो बजे के बाद जोरदार बारिश का दौर चला। इससे शहर और देहात में समस्या हो गई। रविवार सुबह भी आसमान पर बादलों का डेरा होने से सूरज नहीं निकल सके। धूप नहीं निकलने से मौसम में ठिठुरन और गलन बनी रही। वैसे, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं नजर आया।
आलू किसान चितित
मौसम के ऐसे रुख से आलू उत्पादक किसान परेशान हैं। बारिश की वजह से मिट्टी हटने से आलू खेतों में कहीं- कहीं तो आलू नजर आने लगे हैं। खोदाई का काम प्रभावित होने से बाजार में आवक कम होने से कच्चे आलू के भाव भी बढ़ गए हैं। फिलहाल एक सप्ताह तक आलू खोदाई के प्रभावित रहने के आसार हैं।
पिछैती गेहूं बोआई भी पिछड़ी
बूंदाबांदी और बारिश से जहां कच्चे आलू की खोदाई बंद हो गई तो इससे पिछैती गेहूं की बोआई का काम भी प्रभावित होने लगा है। खेतों के मिट्टी ज्यादा गीली होने से इसके एक सप्ताह और पिछड़ने के आसार नजर आ रहे हैं।
गिरेगा न्यूनतम तापमान
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अगले सप्ताह न्यूनतम तापमान कम होगा, यह सात डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।