कुख्यात जीवा को लखनऊ कारागार शिफ्ट करने की तैयारी
विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के मामले में है निरुद्ध चार साल पूर्व नैनी जेल से मैनपुरी जेल भेजा गया था।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। चार साल से जिला कारागार में निरुद्ध कुख्यात संजीव माहेश्वरी उर्फ जीवा को लखनऊ जेल भेजने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उसे कब शिफ्ट किया जाना है, इसे पूरी तरह गोपनीय रखा गया है।
संजीव उर्फ जीवा को वर्ष 2015 में नैनी जेल से मैनपुरी जेल प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित किया गया था। इसके बाद से वह जिला कारागार में निरुद्ध है। उसके खिलाफ विधायक कृष्णानंद राय हत्याकांड के अलावा कई मामले अलग-अलग अदालतों में विचाराधीन हैं। मुकदमों में सुनवाई के लिए उसे सुरक्षा के बीच ले जाया जाता है।
जीवा के साथी मुन्ना बजरंगी की जेल में हत्या के बाद उसकी सुरक्षा और बढ़ा दी गई थी। मैनपुरी जेल में उसे अलग बैरक में रखा गया। बैरक के बाहर विशेष सुरक्षा तंत्र तैनात किया गया। उसे खिलाने से पहले खाने की भी जांच की जा रही थी। वहीं मैनपुरी जेल में जीवा को अतिरिक्त सुविधाएं मिलने की भी चर्चा होती रही हैं।
दो वर्ष पूर्व जेल में अधिकारियों ने अचानक निरीक्षण किया तो जीवा के पास से 20 हजार रुपये बरामद हुए थे। हालांकि, इस मामले को दबा दिया गया था। जेल अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई थी। अब जीवा को मैनपुरी जेल से लखनऊ जेल स्थानांतरित करने का प्रशासनिक आदेश जारी किया गया है। जेल सूत्रों की मानें तो जीवा को स्थानांतरित करने के प्रशासनिक आदेश की जानकारी जेल अधिकारियों को मिल चुकी है। उसे सुरक्षित ढंग से लखनऊ जेल पहुंचाने की तैयारियां भी कर ली गई हैं। वहीं जेल अधिकारी इस प्रकार के आदेश की जानकारी होने से इन्कार कर रहे हैं। जेलर विनय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जीवा को स्थानांतरित करने का कोई आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलने पर पालन किया जाएगा।