पुलिस ने 36 साल बाद पकड़ा डकैती का आरोपित
किशनी संसू। 36 साल से फरार चल रहा डकैती का आरोपित गुजरात में छिपा था। हाईकोर्ट से उसकी गिरफ्तारी के लिए आदेश जारी किया गया था। किशनी पुलिस तीन दिन तक गुजरात में डेरा जमाए रही। मंगलवार को उसे दबोच लिया। बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया।
संसू, किशनी : 36 साल से फरार चल रहा डकैती का आरोपित गुजरात में छिपा था। हाईकोर्ट से उसकी गिरफ्तारी के लिए आदेश जारी किया गया था। किशनी पुलिस तीन दिन तक गुजरात में डेरा जमाए रही। मंगलवार को उसे दबोच लिया। बुधवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया।
किशनी क्षेत्र में वर्ष 1980 में डकैती की घटना हुई थी, जिसमें किशनी क्षेत्र के रम्पुरा निवासी पन्नालाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 1982 में अदालत ने पन्नालाल को सात वर्ष की सजा सुनाई थी। इस दौरान पन्नालाल को एक साल जेल में रहना पड़ा था। बाद में उच्च न्यायालय से उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। वर्ष 1983 में पन्नालाल परिवार सहित फरार हो गया। उच्च न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। 37 साल तक गैरहाजिर रहने के चलते उसके खिलाफ विचाराधीन अपील का निस्तारण नहीं हो पा रहा था। उच्च न्यायालय ने किशनी पुलिस को उसकी गिरफ्तारी का आदेश दिया था।
किशनी पुलिस पन्नालाल की तलाश में जुटी रही। काफी मशक्कत के बाद पता चला कि वह गुजरात के अहमदाबाद में थाना नारौल के मूर्तिपुरा चौक में रहकर एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी कर रहा है। बेटी की शादी हो चुकी है। परिवार में और कोई नहीं है। तीन दिन पहले किशनी पुलिस अहमदाबाद पहुंच गई थी। उसे पकड़ने के लिए जाल बुना गया। मंगलवार को वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे हिरासत में लेकर पुलिस टीम मैनपुरी आ गई। बुधवार को जेल भेज दिया गया।