विरोध दरकिनार, शुरू कराया बाइपास का निर्माण
एक परिवार अधिक मुआवजे की मांग को लेकर विरोध कर रहा था। शुक्रवार को पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर काम शुरू कराया।
संवाद सूत्र, घिरोर, मैनपुरी: कस्बा में फोरलेन बाइपास के निर्माण में आ रही बाधा दूर हो गई है। एक परिवार अधिक मुआवजे की मांग को लेकर निर्माण का विरोध कर रहा था। शुक्रवार को एसडीएम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच निर्माण शुरू कराया। विरोध को दरकिनार कर दिया गया।
भोगांव-शिकोहाबाद फोरलेन निर्माण के तहत ग्राम मोहम्मदपुर से होकर नगला केहरी तक बाइपास का निर्माण किया जा रहा है। छह किमी लंबे इस हिस्से का 70 फीसद निर्माण पूरा हो चुका है। बीते कई दिनों से मुहम्मदपुर निवासी आसाराम का परिवार अतिरिक्त मुआवजे की मांग को लेकर काम रुकवा रहे थे। गुरुवार रात को निर्माण के लिए खाली पड़ी जगह पर पानी भर दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर एसडीएम रतन कुमार वर्मा दोपहर में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन अजय कुमार, जेई मनोज कुमार, थाना प्रभारी पहलवान सिंह और एक कंपनी पीएसी लेकर मौके पर पहुंचे। उनके साथ महिला थानाध्यक्ष एकता सिंह भी थीं। अधिकारियों ने परिवार से वार्ता की तो उन्होंने सरकार द्वारा दी जा रही मुआवजा राशि लेने से इन्कार कर दिया। इस पर एसडीएम ने बलपूर्वक जमीन का अधिग्रहण कर कार्य शुरू करा दिया। एसडीएम रतन कुमार वर्मा ने बताया कि सरकार द्वारा अधिकृत की गई भूमि का मुआवजा सर्किल रेट से चार गुना दिया जा रहा है। संबंधित लोग इससे भी अधिक मुआवजा मांग रहे हैं। संबंधित भूमि सरकारी है और निर्माण शुरू करा दिया गया है। अक्टूबर से जीटी रोड पर अदा करना होगा टोल
संसू, भोगांव : फोरलेन (हाईवे) पर फर्राटा भरने वाले वाहन चालकों को अक्टूबर से जेब ढीली करनी होगी। हाईवे निर्माण का कार्य अंतिम दौर में है। एनएचएआइ द्वारा टोल की दरें तय करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
राष्ट्रीय राजमार्ग जीटी रोड को फोरलेन बनाने का काम अंतिम चरण में है। जिले में भोगांव बाइपास का निर्माण फिलहाल अधूरा है। इस काम के पूरा होते ही हाईवे के सभी ओवरब्रिजों को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल शुल्क की वसूली की जाएगी। अलीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय से टोल की दरें तय होने के बाद दिल्ली मुख्यालय की मंजूरी ली जाएगी। सितंबर में जिले में नवीगंज के पास बने टोल प्लाजा पर लगने वाले शुल्क की दरें सामने आ जाएंगी। दरें तय होते ही अक्टूबर से टोल शुल्क की वसूली शुरू होगी। जिले में नवीगंज टोल प्लाजा को अक्टूबर से शुरू करने का प्रस्ताव है। टोल प्लाजा के निर्माण का काम अंतिम चरण में है। सितंबर में दरों को तय कर अक्टूबर से टोल वसूली शुरू कराई जाएगी।
ओमेंद्र सिंह राठौर, उप प्रबंधक एनएचएआइ अलीगढ़