अश्लील क्लिपिग देख किया था किशोरों ने मासूम से दुष्कर्म
कक्षा आठ के छात्र हैं आरोपित किशोर गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा सुधार गृह तीन दिन पहले की वारदात गांव में सांप्रदायिक तनाव।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। तीन दिन पहले पांच वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपित दोनों किशोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें किशोर सुधार गृह भेजा गया है। पीड़ित बच्ची अल्पसंख्यक समुदाय की होने के चलते गांव में सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है। हालांकि, पुलिस तनाव से इन्कार कर रही है। वहीं मामले में समझौते की कोशिशें भी शुरू हो गई हैं।
थाना कुरावली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की पांच वर्षीय बच्ची रविवार को घर के बाहर खेल रही थी। गांव के निवासी 13 वर्षीय दो किशोर बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। गांव के बाहर मंदिर के पास झाड़ी में बच्ची के साथ दोनों ने दुष्कर्म किया, जिससे वह लहूलुहान हो गई। आरोप है कि बच्ची के परिजन शिकायत लेकर आरोपितों के घर पहुंचे तो पीड़ित पक्ष पर समझौते का दबाव बनाया गया। रास्ता घेर लिया गया, ताकि वे थाने न जा सके। मौका मिलने पर बच्ची की मां थाने पहुंची और मुकदमा दर्ज कराया।
मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों किशोर कक्षा आठ के छात्र हैं। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपितों की दोस्ती आवारा किस्म के कुछ युवकों के साथ है। इन किशोरों को अपने मोबाइल पर अश्लील क्लिपिग दिखाते थे। इसे देखकर ही घटना को अंजाम दिया है। इंस्पेक्टर कुरावली शिवकुमार चौहान ने बताया कि दोनों किशोरों को सुधार गृह भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित बालिका का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा।