रसूख की धौंस से खिसक जाते नो एंट्री के बैरियर
प्रतिबंध के बावजूद बाजार में नहीं रुक पा रहा वाहनों का प्रवेश।
मैनपुरी, जासं : बाजार को जाम से बचाने के लिए इंतजाम पूरे हैं। चार पहिया वाहन के लिए नो एंट्री का बैरियर लगा है। जगह-जगह वर्दीधारी भी तैनात हैं। मगर, रसूखदारों के आगे ये इंतजाम दिखावा साबित हो जाते हैं। कुछ भी करवाने की धौंस सुनते ही नो एंट्री के बैरियर खिसक जाते हैं।
बुधवार को क्रिश्चियन तिराहे पर यातायात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही तिपहिया और चार पहिया वाहन बाजार की ओर जा रहे थे। बड़ा चौराहा पर भी वाहनों को रोकने के लिए चेतावनी नोटिस के साथ बैरियर लगा था। लेकिन, वाहनों के बाजार में प्रवेश पर कोई रोक-टोक नहीं थी।
तिराहे और चौराहों पर ड्यूटी देने वाले वर्दीधारी मजबूर थे। कह रहे थे कि पार्टियों का झंडा लगी गाड़ियों में बैठे लोग हमें धमकाते हैं। अपशब्द कहते हैं और बाद में देख लेने की धमकी भी देते हैं। ऐसे रसूखदारों से भला हम कैसे निपटें? यही वजह थी कि बुधवार को पूरा बाजार जाम से हांफता रहा। त्योहार पर रहेगी सख्ती: सीओ सिटी आरके पांडेय का कहना है कि धनतेरस और दीपावली के पर्व को देखते हुए तिपहिया और चार पहिया वाहनों का बाजार में प्रवेश बंद कराया जाएगा। दुपहिया वाहनों को भी मनमाने ढंग से खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। मुख्य तिराहों और चौराहों पर बैरियर लगा दिए गए हैं।