सैनिक सम्मान से हुई नायब सूबेदार की अंत्येष्टि
पांच साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, परिजनों का बुरा हाल।
बरनाहल, मैनपुरी : क्षेत्र के गांव नबाटेढ़ा निवासी अमित प्रताप ¨सह चौहान भारतीय सेना में सेवारत थे। कुछ दिन पहले ही उन्हें नायब सूबेदार पद पर प्रमोशन मिला था। प्रमोशन के साथ ही उनका तबादला फीरोजपुर राजस्थान से अहमद नगर महाराष्ट्र कर दिया गया था। 13 अक्टूबर को वे परिजनों से मिलने गांव आए थे। परिवार में उनके प्रमोशन को लेकर खुशी थी।
18 अक्टूबर को वे नए तैनाती स्थल पर अहमद नगर चले गए थे। मंगलवार सुबह परेड के दौरान हार्टअटैक पड़ गया था। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। बुधवार को सैनिकों की टुकड़ी उनका शव लेकर गांव पहुंची तो श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। सैनिक की पत्नी अंजली, पुत्री पायल (13), साक्षी (10) का रो-रोकर बुरा हाल था। पिता के आंसू भी थम नहीं रहे थे। सैनिक सम्मान के साथ नायब सूबेदार का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके पांच वर्षीय पुत्र शौर्य ने दी। करहल विधायक सोबरन ¨सह यादव, अशोक चौहान, बिल्लू यादव ने भी गांव पहुंच कर श्रद्धांजलि दी।