मैनपुरी में छह बच्चों की मां ने प्रेमी के लिए परिवार छोड़ा, बच्चों की पुकार अनसुनी
छह बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही, जबकि उसके बच्चे मैनपुरी थाने में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, भोगांव (मैनपुरी)। बच्चों के लिए मां का आंचल ही सबसे बड़ी दुनिया होता है। बच्चे जब भी मुश्किल में होते हैं, तो सबसे पहले मां को पुकारते हैं लेकिन कोतवाली में गुरुवार को सामने आया एक मामला इस रिश्ते को लेकर कई सवाल छोड़ गया। करीब ढाई माह पूर्व घर से गायब हुई छह बच्चों की मां अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही।
जबकि बच्चे मां को अपने सामने देखकर उससे लिपटने और घर लौटने की आस में बिलखते रहे। उसे पुलिस ने बुधवार की रात को प्रेमी के साथ दिल्ली से बरामद किया था। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला छह बच्चों की मां है। इसमें चार बेटियां और दो बेटे हैं। उसके अवैध संबंध जिला शाहजहांपुर के गांव निवासी अपने रिश्ते के मामा ससुर से हो गए।
यह महिला 15 अगस्त 2026 को अपने बच्चों को छोड़ प्रेमी के साथ चली गई थी। पति ने इसकी गुमशुदगी थाना कोतवाली में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने अभियोग दर्ज होने के बाद महिला की तलाश शुरू की और महिला को उसके प्रेमी सहित बुधवार की रात पकड़ लिया और थाने ले आई। जानकारी होने पर गुरुवार की सुबह स्वजन सहित महिला के पति एवं बच्चे भी थाने पहुंच गए।
यहां पति सहित अन्य लोगों ने महिला को काफी समझाने का प्रयास किया। बच्चों का भी हवाला दिया। इस दौरान बच्चे थाने में अपनी मां के लिए बिलखते रहे। बच्चे अपनी मां के साथ रहने की उम्मीद लगाए थे।
उन्हें शायद भरोसा था कि उनकी आंखों के आंसू देखकर मां का मन बदल जाए लेकिन उनकी सिसकियां मां की जिद के आगे दम तोड़ गईं। वह प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला को न्यायालय मे पेश कर दिया। जहां बयान के बाद महिला को प्रेमी के साथ जाने दिया गया।