यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Mainpuri By Poll 2022: गढ़ बचाने उतरेगा सपा का कौनसा पहलवान, इन दिग्गजों के नाम हैं दौड़ में शामिल
Mainpuri By Poll 2022 तेज प्रताप सिंह यादव के नाम की सर्वाधिक चर्चा। डिंपल यादव और धर्मेंद्र यादव के नाम ...और पढ़ें

मैनपुरी, जागरण संवाददाता। लोकसभा उप चुनाव की घोषणा होते ही सबकी निगाहें सैफई परिवार पर टिक गई हैं। मुलायम सिंह के निधन के बाद सपा के सामने जहां गढ़ को बचाने की चुनौती हैं, वहीं नेताजी की जगह प्रत्याशी चयन का निर्णय भी आसान नहीं। सैफई परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नामों को लेकर कयास लग रहे हैं, हालांकि पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव का नाम सबसे ज्यादा चर्चाओं में हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा उपचुनाव में भी सपा ने तेजप्रताप को ही मैदान में उतारा था।
मैनपुरी को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की परंपरागत सीट माना जाता था। उनके निधन के बाद से ही लोकसभा के उत्तराधिकारी को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। अब उपचुनाव की तिथि आने के बाद इनमें और गति आ गई है।
धर्मेंद्र यादव
मैनपुरी सीट पर मुलायम सिंह यादव के अलावा उनके भतीजे धर्मेंद्र यादव और पौत्र तेजप्रताप यादव भी सांसद रह चुके हैं। धर्मेंद्र यादव वर्ष 2004 के उपचुनाव में मैनपुरी से सांसद बने थे। ऐसे में इस बार प्रत्याशी के तौर पर यह दोनों नाम चर्चाओं में हैं।
डिंपल यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के नाम को लेकर भी कयास लग रहे हैं। कहा जा रहा है कि अखिलेश यादव खुद मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र की करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं, ऐसे में कहा जा रहा है कि वह उपचुनाव में डिंपल यादव को लड़ा सकते हैं। परंतु इसकी संभावना कम है। धर्मेंद्र यादव को सपा ने हाल ही में आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया था। ऐसे में उनको भी मौका दिए जाने की संभावना कमजोर कही जा रही है।
तेजप्रताप सिंह यादव
तेजप्रताप सिंह यादव की बात करें तो वह 2014 के उपचुनाव के बाद से कोई चुनाव नहीं लड़े हैं और मैनपुरी में सबसे ज्यादा सक्रिय हैं। मुलायम सिंह यादव के वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव से लेकर हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव तक में यहां की कमान उनके हाथों में रही है। ऐसे में तेज प्रताप यादव का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है।
शिवपाल ने परिवार के पाले में डाली गेंद
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से पहले मैनपुरी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के संकेत दे चुके शिवपाल सिंह यादव फिलहाल अपना रुख साफ नहीं कर रहे। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फोन पर हुई वार्ता में चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि मुझे अभी कोई निर्णय नहीं लेना है। निर्णय तो दूसरों को लेना हैं। वे जो निर्णय करेंगे, उसके हिसाब से अगला कदम लूंगा। निर्णय कोई एकतरफा नहीं होता है। जब सब बैठते हैं, तब निर्णय होता है।