शहर की फिजां में नगर पालिका घोल रही जहर
नगर पालिका के ट्रकों द्वारा ईशान नदी के किनारे शहर का कूड़ा डंप किया जा रहा है। जबकि कूड़ा निस्तारण के प्लांट का शोपीस बना हुआ है।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान की कमान नगर पालिका के कंधों पर है। पालिका प्रशासन स्वच्छता की अलख जगाने की बजाय शहर की फिजां में जहर घोल रहा है। पूरे शहर की गंदगी ले जाकर आबादी के बीच ईशन नदी के किनारे खाली पड़ी भूमि में डंप कराई जा रही है। कूड़ा निस्तारण के लिए शहर से चार किमी दूर कूड़ा निस्तारण प्लांट बनवाया गया है, लेकिन सफाई कर्मचारी मनमानी कर ईशन नदी के किनारे ही कूड़ा डंप कर रहे हैं।
शहर भर में जगह-जगह से कूड़ा उठाकर ट्रांसपोर्ट नगर में स्थापित कूड़ा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाने के आदेश हैं, ताकि कूड़े की रीसाइ¨क्लग की जा सके। इसके लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा बाकायदा टीम गठित कर रखी है। शहर की स्वच्छता में लगे जिम्मेदार इंसानी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। प्रतिदिन ट्रकों से कूड़ा उठाकर ईशन नदी के किनारे श्मशान घाट मार्ग पर और जेल रोड स्थित नदी किनारे खाली पड़े स्थान पर डंप किया जा रहा है। प्रतिदिन 10 से 12 ट्रक कूड़ा ईशन नदी के किनारे डंप किया जा रहा है। इस काम में सफाई नायकों के अलावा बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी भी शामिल हैं।
कहीं डीजल का खेल तो नहीं
असल में स्वच्छता अभियान की आड़ में नगर पालिका में डीजल में खेल तो नहीं किया जा रहा। शहर का कूड़ा उठाकर ट्रकों अथवा पालिका के अन्य वाहनों से शहर से दूर चार किमी स्थित प्लांट तक ले जाना होता है। पालिका के सूत्रों का कहना है कि सफाई कर्मचारी, सफाई नायकों और कुछ बाबुओं से साठगांठ कर सरकारी खजाने को चूना लगा रहे हैं। कूडे़ को ट्रांसपोर्ट नगर ले जाना दर्शाकर उसे ईशन नदी के किनारे डंप कर दिया जाता है। प्रतिदिन एक बड़ी गाड़ी कम से कम चार चक्कर ट्रांसपोर्ट नगर तक जाना दर्शाती है, लेकिन वहां पहुंचती ही नहीं।
बीमारियों की असली वजह है कूड़ा
जिला अस्पताल के चेस्ट फिजीशियन डॉ. धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फेंकना नुकसानदेह है। पानी के साथ गंदगी जमीन के अंदर पहुंचती रहती है। जल स्त्रोत के संपर्क में आने पर वह दूसरे माध्यमों से इंसानी शरीर में पहुंचती है जिससे तमाम प्रकार की बीमारियां फैल रही हैं। गर्मी के मौसम में संक्रामक रोगों के फैलने की असली वजह यह गंदगी ही है। अधिकारी कहिन
कूड़ा सीधे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में ही पहुंचाया जाना है। यदि पालिका के कर्मचारियों द्वारा उसे ईशन नदी के किनारे डंप किया जा रहा है तो यह गलत है। इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। डीजल से संबंधित मामले की भी जांच कराई जाएगी।
धर्मराज ¨सह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद।