मैनपुरी: फर्राटा भरने को हो जाएं तैयार, दक्षिणी बाईपास का काम हुआ चालू; 169 करोड़ का प्रोजेक्ट
मैनपुरी के भोगांव में 169 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दक्षिणी बाईपास का काम बारिश थमने के बाद ...और पढ़ें

मैनपुरी दक्षिणी बाईपास का निरीक्षण करते अधिकारी।
संवाद सूत्र, भोगांव (आगरा)। दक्षिणी बाईपास निर्माण का काम गति पकड़ने लगा है। बारिश का दौर थमने के बाद निर्माण एजेंसी ने काम शुरू कर दिया है। 169 करोड़ रुपये से बन रहे 15 किलोमीटर लंबे बाइपास का निर्माण एक साल में पूरा होने की संभावना है। पहले चरण में जमीन पर मिट्टी का भराव कराया जा रहा है।
भोगांव-शिकोहाबाद स्टेट फोरलेन हाईवे पर लगातार यातायात का दबाव बढ़ने के चलते स्थानीय जनप्रतिनिधियों की पहल पर नए बाईपास के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। बाईपास के लिए जून में निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लखनऊ की राज लक्ष्मी इंटरप्राइजेज कंपनी द्वारा बाईपास निर्माण किया जाना है। पहले पैकेज में 15.150 किमी लंबी सड़क निर्माण के लिए मानसून के चलते काम रुक गया था।
बारिश का दौर थमने के साथ ही अब दोबारा काम शुरू किया जा रहा इस पैकेज में भोगांव तहसील क्षेत्र के नौ गांवों की जमीन पर काम शुरू करा दिया गया है। कार्यदायी संस्था के विशेषज्ञों ने दोबारा काम शुरू कराया है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जकी अहमद खान, जेई मुकेश यादव ने टीम के साथ काम का जायजा लिया।
169 करोड़ का बजट होगा खर्च
पहले पैकेज में बाईपास के निर्माण पर 169 करोड़ का बजट खर्च होगा। 10 मीटर चौड़ाई की सड़क पर गांव दिवन्नपुर चौधरी के पास ईशन नदी पर बड़ा पुल बनेगा। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की आगरा इकाई ने पुल निर्माण शुरू कर दिया है। बिजली पोल हटाने के लिए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
