महिलाओं को लुभा रहीं सिल्क की साड़ियां, गाउन की भी खरीदारी
बाजार में बनारसी सिल्क का छाया जादू साड़ी की खरीद पर पीको और फाल फ्री करा रहे दुकानदार।
जासं, मैनपुरी: करवाचौथ के लिए बाजार दुल्हन की तरह सज गए हैं। खरीदारी भी तेज हो गई है। खरीदारों में महिलाओं की संख्या ज्यादा नजर आ रही है। कपड़े, चूड़ी और आभूषणों की दुकानों के अलावा सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर जमकर खरीदारी हो रही है। बाजार में इस बार खास डिजाइन की साड़ियां महिलाओं को लुभा रही हैं। सर्वाधिक मांग सिल्क की साड़ियों की है।
बनारसी सिल्क की अधिक डिमांड है। सुहागिनों ने सजने संवरने के लिए चूड़ी, बिछिया समेत सिंगार की चीजें खरीदना शुरू कर दिया है। बाजार में बनारसी सिल्क के अलावा जयपुरी गोटा पट्टी, चंदेरी गोटा पट्टी और बंदेज प्रिट की साड़ियां भी उपलब्ध हैं। इस समय पांच सौ रुपये से लेकर सात हजार रुपये की कीमत तक की साड़ियों की भी खूब खरीदारी हो रही हैं।
कोलकाता हैंडवर्क और जयपुरी साड़ियां भी महिलाओं को पसंद आ रही हैं। महिलाएं लैकरा, वनरज जयश्री, विचित्रा, काटन सिल्क की साड़ियां व गाउन खरीद रही हैं। वहीं, लहंगा साड़ी, शिफोन, हैंडवर्क, इटेलियन, नेट की साड़ियां भी खूब बिक रही हैं। मौके को देखते हुए निर्माता कंपनियों ने नए-नए रंग एवं डिजाइन से तैयार साड़ियों को बाजार में उतारा है।
आनलाइन भी हो रही खरीदारी
जिले में इस बार साड़ियों का आनलाइन बाजार भी छाया हुआ है। महिलाएं आकर्षक छूट पर मिल रहीं साड़ियां आनलाइन खरीद रही हैं। सिल्क और कैटवाक साड़ी के अलावा गाउन और क्राप टाप, गरारा, कुर्ती और प्लाजो को खरीदा जा रहा है।
पर्व को देखते हुए बाजार में कई नई वैरायटी आई हैं। महिला सबसे अधिक बनारसी सिल्क की साड़ियों को पसंद कर रही हैं। इसके अलावा कोलकाता हैंड वर्क, जयपुरी, लैकरा साड़ियों को खरीदने में प्राथमिकता दे रही हैं। सुरेश चंद, कारोबारी
पहली करवाचौथ है, समझ नहीं आ रहा है कि क्या पहनूं। साड़ी, गाउन या फिर लहंगा में से कोई एक चीज लूंगी। प्रिया गुप्ता
इस बार सिल्क वाली साड़ी खरीदने का प्लान बनाया है। व्रत के दौरान ज्यादा वजन वाली साड़ी पहनने में दिक्कत आती थी। रोशनी सिंह।