चंबल में डूबे किशोर का नहीं लगा सुराग
तीन दिन पहले इटावा में चंबल नदी में डूबे किशोर का सुराग नहीं लग
मैनपुरी, जागरण संवाददाता: तीन दिन पहले इटावा में चंबल नदी में डूबे किशोर का सुराग नहीं लग सका है। तलाश में जुटी इटावा पुलिस ने भी अब किशोर को खोजने के प्रयास बंद कर दिए हैं। मौके पर मौजूद किशोर के स्वजन को भी बल प्रयोग कर वहां से हटा दिया गया।
थाना करहल के गांव कुरियन निवासी सर्वेश कुमार अपने 14 वर्षीय पुत्र देवांशु के साथ बुधवार रात इटावा से घर लौट रहे थे। तभी इटावा में सहसों पुल पर एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे देवांशु उछल कर चंबल नदी में जा गिरे। पुलिस ने देवांशु की तलाश का प्रयास नहीं किया तो मौजूद लोगों ने जाम लगा दिया था। इस पर पुलिस ने देवांशु की तलाश शुरू की। गोताखोरों को लगाया गया। कई स्थानों पर जाल डाला गया लेकिन किशोर का कोई पता नहीं चला। अब पुलिस ने किशोर की तलाश बंद कर दी है। स्वजन ने खोज जारी रखने की मांग करते हुए विरोध जताया तो पुलिस ने बल प्रयोग कर परिवार के लोगों को भगा दिया। जिससे परिवार के लोग निराश हो गए हैं।