विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी: ससुराल वालों को फंसाने की रची साजिश, खुद की ले बैठी जान; युवक की मौत

By Chandra Shekhar Gaur Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 13 Oct 2026 09:59 PM (IST)

मैनपुरी में एक युवक ने अपने ससुराल वालों को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए खुद पर गोली चलवाई, लेकिन ...और पढ़ें

मैनपुरी पुलिस की गिरफ्त में गोली चलाने वाला युवक।

मैनपुरी पुलिस की गिरफ्त में गोली चलाने वाला युवक।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। भोगांव में एक युवक ने अपने ससुरालियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची। उसने अपने साथी से खुद पर गोली चलवाई, लेकिन गोली पीठ से होकर ऐसी जगह लगी कि उसकी मौत हो गई। पुलिस ने गोली चलाने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।

भोगांव थाना क्षेत्र के रुई गांव निवासी 26 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र रामवीर 30 अगस्त की शाम घर से पैदल भूसा लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शाम करीब सात बजे वह रुई औद्योगिक क्षेत्र में सीवर प्लांट के पास मरणासन्न अवस्था में मिला। उसे गोली लगी थी। स्वजन ने उसे बेहतर उपचार के लिए फर्रुखाबाद के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां छह सितंबर को उसकी मौत हो गई।

मृत्यु से पहले पुष्पेंद्र ने बताया था कि उसने अपने दोस्त राहुल और श्रीकांत के साथ रुई औद्योगिक क्षेत्र में शराब पी थी। वह अपने साथ तमंचा लाया था और राहुल ने उसी से उसे गोली मारी थी। पिता रामवीर ने इस आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।

पुलिस ने 12 अक्टूबर को मोटा रोड पर राजनगर के पास ई रिक्शा से जा रहे राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह, पुष्पेंद्र और श्रीकांत दोस्त थे। पुष्पेंद्र ने एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दंपती में विवाद हुआ तो उसकी पत्नी ने न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया। पुष्पेंद्र काे लगता था उसके साले और साढ़ू पत्नी की मदद कर रहे थे।

इसी वजह से वह उन्हें फंसाना चाहता था और उसने राहुल से खुद पर गोली चलाने को कहा था। ताकि वह घायल हो जाए और ससुरालियों को झूठे मुकदमे में फंसाया जा सके लेकिन गोली ऐसी जगह लगी कि उसकी मृत्यु हो गई। हम उसे मारना नहीं चाहते थे।

एएसपी ने बताया कि आरोपित के पास से तमंचा, 330 रुपये और एक मोबाइल बरामद हुआ है। आरोपित के खिलाफ 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है।