मैनपुरी में ऑनर किलिंग ,पिता ने झूठी शान के लिए बेटी की हत्या कर शव जलाया
मैनपुरी में एक पिता ने झूठी शान के लिए अपनी 15 वर्षीय बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी और ...और पढ़ें

शव जलाने के स्थल पर जांच करती पुलिस और फोरेंसिक टीम।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जिस पिता पर बेटी की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी थी, उसी ने झूठी शान की खातिर 15 वर्षीय पुत्री की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, हत्या के राज को हमेशा के लिए दफन करने के इरादे से शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। गांव में पुत्री की मृत्यु को टांड़ से गिरकर हुआ हादसा बताकर लोगों को गुमराह किया गया।
भेद खुलने के भय के कारण आरोपित पिता स्वजन के साथ मकान में ताला लगाकर फरार हो गया। 17 अक्टूबर को हुई घटना सामने आने के बाद पुलिस ने पिता, स्वजन और ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। दन्नाहार क्षेत्र के गांव नादऊ निवासी भुवनेश उर्फ सीटू को 15 वर्षीय पुत्री पलक पर संदेह था कि उसके किसी से प्रेम संबंध हैं। इसी वजह से वह उस पर निगाह रखता था।
17 अक्टूबर की दोपहर तीन बजे भुवनेश ने पलक को कमरे में ले जाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसे रक्तरंजित अवस्था में घर से बाहर निकाला और आसपास के लोगों को बताया कि सफाई करते समय टांड़ से गिरकर घायल हो गई। इसके बाद उसे आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई ले जाने के बहाने इधर उधर घुमता रहा। बाद में घर लौटने पर सभी को बताया कि सैफई में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हुई है।
पुलिस को सूचना दिए शव को दफन करने के बजाय अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों को संदेह हुआ तो बात धीरे-धीरे गांव में फैल गई। इधर भेद खुलने के भय से भुवनेश पशुओं को किसी ग्रामीण के यहां बांधकर घटना के तीसरे दिन मकान में ताला लगाकर स्वजन के साथ फरार हो गया। सूचना थाने तक पहुंची तो पुलिस की टीमें जांच में जुट गईं।
दन्नाहार पुलिस ने पूरी जानकारी करने के बाद आरोपित पिता, स्वजन और कुछ ग्रामीणों के खिलाफ हत्या साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दन्नाहार क्षेत्र में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
शव के अंतिम संस्कार ने ग्रामीणों को दिलाया संदेह
पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद सीटू ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि नाबालिग जलाने के बजाय दफनाया जाता है। इसी के चलते ग्रामीणों में शंका हुई।
मामला सामने आने के बाद गुरुवार को सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह दन्नाहार इंस्पेक्टर शत्रुंजय कुमार सिंह, सर्विलांस टीम प्रभारी जितेंद्र चंदेल फारेंसिक टीम के साथ गांव पहुंचे। जहां ग्रामीणों से जानकारी करने के बाद अंतिम संस्कार वाले स्थान पर नमूने एकत्र कराए गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।