गुमनाम चिट्ठी ने खोला मैनपुरी में पलक की हत्या का राज, पुलिस कराएगी अब डीएनए टेस्ट
मैनपुरी में पिता द्वारा नाबालिग बेटी पलक की गोली मारकर हत्या कर शव जलाने का राज एक गुमनाम चिट्ठी से ...और पढ़ें
-1794666112581_m.webp)
मैनपुरी में जांच करने पहुंची पुलिस टीम।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। झूठी शान की खातिर पिता द्वारा नाबालिग पुत्री की गोली मारकर हत्या करने और शव का अंतिम संस्कार कर फरार होने का राज पुलिस को मिले गुमनाम पत्र ने खोला। थाना पुलिस को यह पत्र घटना के कुछ दिन बाद प्रकरण में संदेह जाहिर करते हुए मिला था। जिस पर पुलिस ने जांच की तो घटना का राज खुला। किशोरी का अंतिम संस्कार करने के कारण यह मामला पहले से ग्रामीणों के बीच चर्चा में था।
मामले की जांच के लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक भी गांव पहुंचे। पुलिस मामले में डीएनए टेस्ट भी कराएगी। दन्नाहार क्षेत्र के गांव नादऊ निवासी भुवनेश उर्फ सीटू पर आरोप है कि उसने 15 वर्षीय पुत्री पलक के किसी से प्रेम संबंध होने के शक में 17 अक्टूबर की दोपहर तीन बजे उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को दफन करने के बजाय अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों को संदेह हुआ तो बात धीरे-धीरे गांव में फैल गई। वहीं भुवनेश भेद खुलने के डर से घटना के तीसरे दिन मकान में ताला लगाकर स्वजन के साथ फरार हो गया। इस बीच एक गुमनाम पत्र दन्नाहार के प्रभारी निरीक्षक के नाम डाक द्वारा भेजा गया। इसमें घटना के बारे में जानकारी देकर राजफाश किए जाने की मांग की गई। पुलिस ने पत्र को गंभीरता से लेते हुए क्रमबद्ध तरीके से घटना में जांच बढ़ाई।
पहले चौकीदार, बीट आरक्षी अर्जुन सिंह और फिर हल्का इंचार्ज शत्रुघन कटारा ने घटना की कड़ियों को जोड़ा। जांच में पुख्ता सबूत मिलने पर पुलिस ने मामले में अपनी तरफ पिता, स्वजन और कुछ ग्रामीणों के खिलाफ 12 नवंबर की रात मुकदमा दर्ज कराते हुए जांच आरंभ कर है।
शनिवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा सीओ सिटी अशोक कुमार, दन्नाहार इंस्पेक्टर शत्रुंजय कुमार सिंह के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने सीटू के बंद मकान का निरीक्षण कर ग्रामीणों से भी जानकारी ली। एसपी ने बताया कि पिता द्वारा पुत्री को गोली मार हत्या करने का मामला सामने आया है। स्वजन द्वारा जांच में कोई सहयोग नहीं किया जा रहा है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।
राख और हड्डियों के नमूने लिए, होगी डीएनए जांच
शनिवार को डाग स्क्वाइड और फारेंसिक टीम के साथ सर्विलांस प्रभारी जितेंद्र चंदेल ने गांव पहुंचकर घर के बाहर से रक्त के नमूने लिए। खोजी कुत्ते भी घर के आसपास ही बार-बार घूमते रहे। अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचकर टीम ने चिता की राख और हड्डियों के नमूने लिए। जिन्हें डीएन जांच के लिए भेजा जाएगा। टीम ने ग्रामीणों से भी जानकारी ली तो कई ग्रामीणों ने दबे स्वर में किशोरी की हत्या की बात स्वीकार की। घटना में सहयोग करने के 10 से 15 आरोपत फरार हैं।
झोलाछाप ने की थी किशोरी की मरहम पट्टी
घटना को अंजाम देने के बाद जब भुवनेश पलक को सैफई ले जा रहा था। तभी रास्ते में उसने गांव के ही झोलाछाप नफीस को फोन कर पूछा था कि अस्पताल में भर्ती कराने पर क्या पुलिस केस बनेगा तो झोलाछाप से उसे वापस बुला लिया। और गांव से कुछ दूर झाड़ियों में ले जाकर उसकी मरहम पट्टी की थी।
पुलिस के सामने अपराध साबित करना होगा चुनौती
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पलक को कार से ले जाने वाले राहुल के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। उसी ने पुलिस को पूरी घटना बताई है। परंतु अब पुलिस पर न्यायालय के समक्ष अपराध को साबित करना चुनौती होगी।
कानून में किसी व्यक्ति की हत्या साबित करने के लिए मृत शरीर का मिलना या उसकी अकाट्य पहचान होना सबसे अहम माना जाता है, लेकिन इस घटना में आरोपितों द्वारा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया है। ऐसे में पुलिस के सामने डीएनए टेस्ट ही एकमात्र वैज्ञानिक जरिया है जिससे यह साबित हो सके कि वह अवशेष मृतका के ही थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।