मैनपुरी में जीएनएम छात्रा का शव गड्ढे से निकाला, फिरोजाबाद मुख्यालय पर हंगामा
संदिग्ध परिस्थितियों में जीएनएम छात्रा की मौत के बाद स्वजनों ने शव को गड्ढे से निकालकर फिरोजाबाद ले जाकर प्रदर्शन ...और पढ़ें

फिरोजाबाद में जीएनएम छात्रा के शव को लेकर पहुंचे परिवार के लोग।
जागरण टीम, मैनपुरी/फिरोजाबाद। संदिग्ध परिस्थिति में छात्रा की मृत्यु के मामले के आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज स्वजन शनिवार को गड्ढे से शव निकाल फिरोजाबाद ले गए। स्वजन कालेज प्रबंधन पर सहयोग न करने आरोप लगाकर हत्या की आशंका जताते हुए शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं।
गड्ढे से शव निकालने की सूचना पर एएसपी ग्रामीण ने पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच जानकारी जुटाई। दरअसल, दो दिन पूर्व फिरोजाबाद के एक निजी कालेज में संदिग्ध परिस्थिति में जीएनएम छात्रा की मृत्यु हुई थी। औंछा क्षेत्र के गांव मधन निवासी सोनपाल की 17 वर्षीय पुत्री प्रीति फिरोजाबाद के मटसेना स्थित नर्सिंग कालेज में जीएनएम की छात्रा थी।
गुरुवार को छात्रा की वहां संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई। स्वजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की तो फिरोजाबाद पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सिपुर्द कर दिया। दोपहर को शव गांव पहुंचा तो पिता सोनपाल ने कालेज प्रबंधक पर सहयोग न करने और हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की। औंछा पुलिस ने समझाकर शव को दफन करा दिया था।
परंतु शनिवार की सुबह नौ बजे के स्वजन दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करते हुए गड्ढे से शव निकालकर फिरोजाबाद ले गए। पिता सोनपाल ने आरोप लगाया कि मामले में कालेज प्रबंधक ने कोई सहयोग नहीं किया, जब सीसी कैमरे की फुटेज मांगी तो साफ इंकार कर दिया। उन्होंने दोबारा शव का पोस्टमार्टम कराने और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
शव निकाले जाने की सूचना पर एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी, सीओ कुरावली सच्चिदानंद और औंछा इंस्पेक्टर चंद्रपाल सिंह पुलिसबल के साथ गांव पहुंचे। जहां अधिकारियों ने जानकारी ली, लेकिन तब तक स्वजन शव लेकर फिरोजाबाद के लिए निकल चुके थे। एएसपी ने बताया कि घटना फिरोजाबाद की है, वहीं की पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की एक टीम को फिरोजाबाद भेजा गया है।
स्वजन ने फिरोजाबाद मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, रास्ते में पुलिस ने छीना शव
जीएनएम छात्रा की मृत्यु के मामले में आरोपित नर्सिंग कालेज के चेयरमैन और उनके बेटे की गिरफ्तारी न होने से भड़के स्वजन ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। स्वजन शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की भी मांग कर रहे थे।
मैनपुरी में शव को दफनाए जाने के बाद शनिवार सुबह स्वजन शव को गड्ढे से निकालकर जिला मुख्यालय आ रहे थे। वहां पहुंचने से पहले ही मटसेना पुलिस ने स्वजन से शव छीन लिया। कुछ स्वजन को मैनपुरी के घिरोर में रोका गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।