सपा के पूर्व मंत्री ने भाजपा को बताया ब्राह्मण विरोधी
बेवर और सपा कार्यालय पर पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने की पत्रकारों से वार्ता।
संसू, बेवर : सपा सरकार में मंत्री रहे डा. अभिषेक मिश्रा ने गुरुवार को बेवर में इटावा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ब्राह्मण विरोधी मानसिकता के तहत काम कर रही है। ब्राह्मणों की हत्याओं पर सरकार के मंत्री और नुमाइंदे चुप्पी साध लेते हैं।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में कोई भी खुश नहीं है। सबसे ज्यादा दुखी किसान हैं। उन्हें उनकी उपज का मूल्य तक नहीं मिल पा रहा है। सरकार की नीतियों के विरोध में किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। बावजूद इसके सरकार कोई फैसला नहीं कर पा रही है। पूरे देश के किसानों में जबर्दस्त आक्रोश है। सरकार के नेता और मंत्री झूठे वायदे करके लोगों को बरगलाने का काम कर रहे हैं।
युवाओं को रोजगार देने का वादा तो किया था, लेकिन नौकरी छीनकर लोगों को घर बिठा दिया गया। चुनाव से ठीक पहले असल मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाकर पाकिस्तान का राग शुरू कर दिया जाता है। थानों से लेकर सरकारी कार्यालयों में सिर्फ सत्ता के लोगों के ही काम होते हैं। पीड़ितों को भटकना पड़ रहा है। आने वाले समय में मतदाता अपनी ताकत दिखाएंगे। इससे पहले स्थानीय नेताओं ने उनका स्वागत समारोह आयोजित किया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, विधायक किशनी बृजेश कठेरिया, पूर्व मंत्री तोताराम यादव, रामनारायण बाथम, मनोज दुबे, प्रशांत पाठक, विजलेश तिवारी, गयाराम दीक्षित, राजेश पेंटर, प्रदीप तिवारी, राजेश खटिक, अरमान अली, कृष्णादास लोधी, अनीता यादव, गोपालदास लोधी मौजूद थे।
शहर और कुसमरा में भी हुआ स्वागत
पूर्व मंत्री का कुसमरा में ब्राह्मण स्वयं संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप पांडेय के आवास पर स्वागत हुआ। यहां अनूप पांडेय,नवनीत पांडेय, आदित्य पांडेय, राम मिश्रा, आलोक पांडेय,रानू मिश्रा, अनिल पांडेय, योगेश मिश्रा आदि उपस्थित थे। वहीं शहर में भी स्वागत कार्यक्रम किया गया।