विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमी को बुलाने की जिद, टंकी पर चढ़ी तलाकशुदा युवती; मैनपुरी में हाई वोल्टेड ड्रामा

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 23 Nov 2026 02:34 PM (IST)

मैनपुरी के दन्नाहार क्षेत्र में एक तलाकशुदा युवती अपने प्रेमी की शादी के विरोध में पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब साढ़े तीन घंटे के हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद प्रेमी को मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद युवती नीचे उतरी और अब दोनों पक्षों की काउंसलिंग हो रही है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी तलाकशुदा युवती सोमवार की सुबह करीब 11 बजे दन्नाहार क्षेत्र में पानी की टंकी पर चढ़ गई। प्रेमी युवक की रविवार को शादी थी। युवती प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर तीन थानों की फोर्स थी। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामा के बाद दूल्हा बने युवक को मौके पर लाया गया। उसके बाद ही युवती नीचे उतरी।

फिलहाल दोनों पक्ष थाने में हैं। कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ला की युवती सुबह पानी की टंकी पर चढ़ गई। वहां से शोर करने लगी। युवती को पानी की टंकी पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों और राहगीरों की मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहले थाना दन्नाहार क्षेत्र और फिर घिरोर क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस के बात करने पर पता लगा कि युवती थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव कंजहार निवासी एक युवक को मौके पर बुलाने की जिद कर रही थी। जानकारी करने पर पता लगा कि युवती तलाकशुदा है। इस युवक से उसके फेसबुक के माध्यम से संबंध हो गए। 22 नवंबर को प्रेमी की शादी किसी अन्य युवती से तय थी। बरात एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव में गई थी।

सोमवार की सुबह इसकी जानकारी मिलते ही युवती दन्नाहार क्षेत्र के गांव कल्हौर पछां स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई और हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने एलाऊ पुलिस को सूचना देते हुए दूल्हा बने युवक को मौके पर लाने के लिए कहा।

युवक ने आने के बाद युवती को समझाया तब जाकर युवती करीब डेढ़ बजे पानी की टंकी से नीचे उतरी। फिलहाल युवती, उसके स्वजन व युवक अपने परिवार के साथ थाने में मौजूद हैं। पुलिस दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।