मैनपुरी में आतिशबाजी बाजार सजने को तैयार, प्रशासन ने छांट लिए सुरक्षित स्थान
प्रशासन ने दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के लिए मैनपुरी में सुरक्षित स्थान चिह्नित किए हैं। अग्निशमन विभाग और एसडीएम ...और पढ़ें

आतिशबाजी की दुकान।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी के तहत अग्निशमन विभाग ने कुरावली और एसडीएम घिरोर के साथ निरीक्षण कर आतिशबाजी की दुकानें लगाने के लिए सुरक्षित स्थान चिह्नित किए। संभावित स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया है।
डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर अग्निशमन विभाग द्वारा दीपावली त्योहार पर जिले में चिन्हित स्थानों पर लगने वाली आतिशबाजी की दुकानों के लिए स्थान और व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में उप अग्निशमन अधिकारी बृजेंद्र सिंह सोमवार को कस्बा कुरावली पहुंचे। यहां उन्होंने आतिशबाजी के थोक विक्रेता ओमी जैन पटाखा की दुकान पर जाकर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम परखे।
उन्होंने दुकानदार को अग्निशमन यंत्र, पानी सहित अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। इसके बाद वह कस्बा घिरोर पहुंचे। जहां एसडीएम घिरोर सुनिष्ठा सिंह के साथ टीम ने नहर पुल के निकट दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानों के लिए स्थान चिन्हित किया। इस दौरान अधिकारियों ने आतिशबाजी की दुकानों के लिए उपयुक्त स्थानों को देखा।
सुरक्षा के लिहाज से स्थल की स्थिति, आसपास की आबादी और दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी जैसे जरूरी पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों ने यह भी देखा कि किसी आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन आसानी से मौके तक पहुंच सकें।
उप अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य आतिशबाजी की दुकानों को निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही संचालित कराना है, ताकि बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आग लगने की आशंका न रहे। इसके साथ ही दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।