विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में ट्रक की टक्कर से कार में लगी आग, चालक की मौत और तीन घायल

By Digital Desk Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 27 Nov 2026 12:52 PM (IST)

मैनपुरी में कुरावली रोड पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे कार पेड़ से टकराकर आग की चपेट में आ गई। हादसे में कार चालक मोहित की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सैफई रेफर किया गया है।

मैनपुरी में हादसे में चालक मोहित का इनसेट में फाइल फोटो।

मैनपुरी में हादसे में चालक मोहित का इनसेट में फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में कुरावली रोड पर माता शीतला देवी मंदिर के निकट गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से अनियंत्रित होकर कार में पेड़ से टकराने के बाद आग लग गई। जिससे कार सवार चार लोग घायल हो गए। इस बीच चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जहां जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव मोर्चरी पर भेज स्वजन को हादसे की जानकारी दे दी है। नगर के ईशन नदी पुल स्थित राम वाटिका मैरिज होम में गुरुवार रात आयोजित शादी समारोह में भाग लेने के बाद टाटा टिगोर कार सवार चार लोग कुरावली जा रहे थे।

कार को 36 वर्षीय मोहित निवासी देवकली कुरावली चला रहे थे। जबकि नरेंद्र, आयुष निवासी देवकली, आकाश निवासी श्मशान घाट रोड मैनपुरी बैठे थे। देर रात पौने एक बजे कार जब कुरावली रोड पर शीतला माता मंदिर के निकट पहुंची। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद कार में आग लग गई। हादसे के बाद एअर बैग खुलते ही घायलों ने कार सवार चारों ने तत्काल कूदकर अपनी जान बचाई।

चीख-पुकार सुन आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और स्थानीय लोगों की मदद से आग को बुझाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल गई। अस्पताल में जांच के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया और नरेंद्र, आयुष व आकाश की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई भेज दिया गया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के बाद रोते-बिलखते स्वजन मोर्चरी पर पहुंच गए हैं। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में कार चालक की मृत्यु हुई है। आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।