मैनपुरी: पेट्रोल पंप पर लगी बाड़ में आया करंट, चिपककर बच्चे की मौत; परिवार का फूटा गुस्सा
मैनपुरी में एक पेट्रोल पंप पर लगी बाड़ में करंट आने से 10 वर्षीय बालक देव की मौत हो गई। ...और पढ़ें

गुस्साए लोगों को शांत कराती पुलिस।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। पेट्रोल पंप परिसर में लगी बाड़ में आ रहे करंट की चपेट में आने से शुक्रवार सुबह सात बजे 10 वर्षीय बालक की मृत्यु हो गई। चीख सुन बचाने पहुंची मां भी चपेट में आ गई। बालक की मृत्यु से गुस्साए स्वजन ने पेट्रोल पंप स्वामी पर तीन दिन पूर्व धमकी देने और लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा। पुलिस ने समझाकर शांत कराया, लेकिन स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
नगर के मुहल्ला राजीव गांधी नगर निवासी मंजू देवी नगर के बाइपास रोड पर स्थित दीप गंगा मैरिज होम में पिछले 10 सालों से चौकीदारी का काम करती हैं। वह मैरिज होम परिसर में स्थित एक कमरे में पुत्री और 10 वर्षीय पुत्र देव के साथ रहती हैं। मैरिज होम के निकट ही पेट्रोल पंप संचालित हो रहा है। संचालक ने पेट्रोल पंप के आसपास बिजली के तारों की बाड़ लगाकर करंट प्रवाहित कर रखा है।
रोजाना की तरह देव शुक्रवार सुबह परिसर में टहल रहा था। टहलते-टहलते वह सुबह सात बजे पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा। जहां किसी तरह बाड़ में हाथ छूने के कारण देव करंट की चपेट में आ गया। शोर सुनकर बचाने पहुंची मंजू देवी भी चपेट में आ गईं। आनन-फानन में स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां जांच के बाद डाक्टरों ने बालक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव को वापस मैरिज होम ले गए और हंगामा शुरू कर दिया। मृतक के चाचा शिवपाल ने आरोप लगाया कि पेट्रोल पंप स्वामी आए दिन अभद्रता कर कमरा खाली करने की धमकी देता है। तीन दिन पूर्व इसी बात को लेकर पंप के चौकीदार ने मंजू देवी से मारपीट कर और कमरा खाली न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
स्वजन ने आरोप लगाया कि पंप स्वामी ने जानबूझकर बाड़ में करंट प्रवाहित किया गया। जिससे देव की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। कोतवाली पुलिस ने स्वजन को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। परंतु स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया है। कोतवाली प्रभारी फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि स्वजन की ओर से तहरीर दी जा रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।