मैनपुरी: ईशन नदी पुल पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, आगरा की महिला की मौत
मैनपुरी के कुसमरा में ईशन नदी पुल पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग घायल हुए। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
हादसे में चार लोग घायल, एक महिला की मौत।
घायलों को सैफई रेफर, पुलिस जांच में जुटी।
संवाद सूत्र, कुसमरा (मैनपुरी)। ग्वालियर-बरेली हाईवे पर ईशन नदी पुल मंगलवार दोपहर हादसे का गवाह बन गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को गंभीर हालत में आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। जबकि तीन घायलों का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने शव मोर्चरी पर रखवाकर हादसे की सूचना स्वजन को दे दी है। किशनी क्षेत्र के गांव रठेह निवासी अनिल कुमार ने तीन दिन पूर्व नई बाइक खरीदी। एक नवंबर को वह गांव के ही अपने साथी सूर्या के साथ कैंचीधाम उत्तराखंड में दर्शन करने गए थे। जहां से वह मंगलवार को वापस घर लौट रहे थे। जब बाइक दोपहर दो बजे ग्वालियर-बरेली हाइवे पर कुसमरा में ईशन नदी पुल पर पहुंची।
तभी सामने से आई तेज रफ्तार बाइक से आमने-सामने टकरा गई। हादसे में अनिल, सूर्या और दूसरी बाइक पर सवार रामू निवासी आमलखेड़ा आगरा और उनकी 35 वर्षीय पत्नी मोहिनी घायल हो गए। दोनों में से कोई भी बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे के बाद वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी किशनी भिजवाया। जहां से मोहिनी, रामू और अनिल की हालत गंभीर होने पर आयुर्विज्ञान सैफई रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मोहिनी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी पर रख स्वजन को हादसे की जानकारी दे दी है। किशनी इंस्पेक्टर गगन गौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव मोर्चरी पर रखवाया गया। स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।