घर में घुसकर युवती से मारपीट
क्षेत्र के गांव लहरा निवासी शबनम पुत्री मुस्ताक शनिवार को अपने घर
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : क्षेत्र के गांव लहरा निवासी शबनम पुत्री मुस्ताक शनिवार को अपने घर में थी। तभी गांव के अमर सिंह, ध्यान सिंह, नरेश चंद्र और रंजना घर में घुस आए। युवती के साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे मारपीट कर घायल कर दिया।
पट्टे की जमीन से हटवाया अवैध कब्जा
करहल : थाना कुर्रा के गांव शंकरपुर निवासी सुशीला देवी को गांव में पट्टे पर जमीन दी गई थी। गांव के आरोपितों ने जमीन पर कब्जा कर लिया था। शनिवार को सुशीला ने समाधान दिवस में शिकायत की। एसडीएम के आदेश पर अवैध कब्जा हटवा दिया गया।
बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल
कुसमरा : क्षेत्र के गांव कुशलपुर निवासी सत्यवीर सिंह बाइक से नगथरा पुल पर जा रहे थे। तभी सामने से आई बाइक के साथ उनकी टक्कर हो गई। जिससे सत्यवीर सिंह और दूसरी बाइक पर सवार कल्लू निवासी केशवपुर थाना किशनी घायल हो गए।
परिवार के चार लोगों को मारपीट कर घायल किया
कुरावली : क्षेत्र के गांव तिमनपुरा निवासी शुक्रवार शाम घर पर थे तभी गांव के वीरपाल, विकास, चुन्नू ने उनके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। बचाने आए उनके पुत्र धर्मेंद्र, पुत्री पूजा और पत्नी शकुंतला के साथ भी मारपीट की।
दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
करहल : क्षेत्र की एक गांव की निवासी किशोरी के साथ विकास भदौरिया निवासी गांव दौलतपुर थाना करहल ने चार दिन पहले तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया था। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार दोपहर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
युवक को मारपीट कर घायल किया
कुरावली : क्षेत्र के मनौना निवासी रामू शुक्रवार शाम घर पर थे। तभी गांव का सचिन वहां पहुंच गया। और गाली गलौज करने लगा। रामू ने विरोध किया तो सचिन ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
गंगाजमुनी पशु मेला से दो भैंसे चोरी
कुरावली : क्षेत्र के गांव अकबरपुर झाला निवासी किसान सहसराम और रजापुर निवासी सुखराम अपनी भैंसे बेचने के लिए गंगाजमुनी पशु मेला में लाए थे। शुक्रवार रात भैंसे पशु मेले में बंधी थी तभी चोरी चली गई। पशु पालकों ने थाने में तहरीर दी है।