कमरे में लटका मिला डीएलएड छात्र का शव, किबाड़ तोड़ उतारा
कुसमरा संसू। क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी यतेंद्र (23) पुत्र सुबोध कुमार का शव मंगलवार रात नौ बजे कमरे में फंदे पर लटका मिला। अंदर से कुंडी बंद थी। परिजन घटना को खुदकशी बता रहे हैं। बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
संसू, कुसमरा: क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी यतेंद्र (23) पुत्र सुबोध कुमार का शव मंगलवार रात नौ बजे कमरे में फंदे पर लटका मिला। अंदर से कुंडी बंद थी। परिजन घटना को खुदकशी बता रहे हैं। बिना पोस्टमार्टम के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।
मृतक यतेंद्र डीएलएड के छात्र थे। उनके गांव हुसैनपुर में सार्वजनिक भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। मंगलवार शाम यतेंद्र व उनके परिजन भागवत सुनने गए थे। कुछ देर भागवत में रुकने के बाद यतेंद्र वापस आ गए। परिजन वहीं बने रहे। रात नौ बजे परिजन वापस लौटे। आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। मुख्य गेट में धक्का मारा तो वह खुल गया। परिजनों को लगा यतेंद्र गेट बंद किए बिना सो गए होंगे। परिजन अंदर पहुंचे तो कमरे की कुंडी बंद थी। काफी आवाज लगाने पर भी जवाब नहीं मिला तो जंगले से झांककर देखा तो कमरे में फंदे पर यतेंद्र का शव लटका हुआ था। शव देखकर परिजन रोने-चिल्लाने लगे। मुहल्ले के लोग आ गए। दरवाजा तोड़कर शव को उतारा गया। सुबह बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजन घटना को खुदकशी बता रहे हैं, लेकिन वजह नहीं बता रहे। गांव के लोग भी हैरान हैं। चौकी इंचार्ज कुसमरा ने बताया कि घटना को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। जांच कराई जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप