बिना मुकदमा दर्ज किए छह माह से जांच कर रही पुलिस
मैनपुरी जासं। लूट के शिकार युवक को पता चला कि उसकी रिपोर्ट ही दर्ज नहीं है तो हैरान रह गया। घटना के बाद उसने थाने में तहरीर दी बदमाशों का हुलिया भी बताया था। उसे उम्मीद थी कि पुलिस घटना का राजफाश कर देगी। रिपोर्ट दर्ज न होने की बात जानकार पीड़ित मायूस होकर लौट गया।
जासं, मैनपुरी: लूट के शिकार युवक को पता चला कि उसकी रिपोर्ट ही दर्ज नहीं है तो हैरान रह गया। घटना के बाद उसने थाने में तहरीर दी, बदमाशों का हुलिया भी बताया था। उसे उम्मीद थी कि पुलिस घटना का राजफाश कर देगी। रिपोर्ट दर्ज न होने की बात जानकार पीड़ित मायूस होकर लौट गया।
एटा में बस स्टैंड के पास निवासी उमेश कुमार की रिश्तेदारी मैनपुरी में है। 24 अक्टूबर को वे बस से कुरावली आए थे। शाम को मैनपुरी आने के लिए गैलानाथ पुल से आगे बढ़कर मैनपुरी रोड पर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उमेश की कनपटी पर तमंचा लगाकर उसके पास रखी ढाई हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया।
घटना की जानकारी उमेश ने थाना कुरावली पहुंचकर दी। उमेश ने बताया कि दोनों युवकों को उसने पहले कई बार कुरावली में घूमते देखा है। युवकों का हुलिया भी पुलिस को बताया। रिपोर्ट लिखाने के लिए तहरीर दी। उमेश के मुताबिक पुलिस कर्मियों ने कहा कि हुलिया से ही बदमाशों का पता चल गया है। जल्द पकड़कर पहचान कराने के लिए उमेश को बुलाया जाएगा।
इस दौरान उमेश ने कई बार थाने पहुंचकर जानकारी ली तो बताया गया कि जांच चल रही है। फिर उमेश ने थाने जाना बंद कर दिया। तीन दिन पहले वह रिश्तेदारी में आया था तो अपनी रिपोर्ट के बारे में पता लगाना थाना कुरावली गया तो हैरान रह गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि ऐसा कोई मामला थाने में दर्ज नहीं है। उमेश के अनुसार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने की बात बताई थी, जो झूठ निकली। वह मायूस होकर चला गया। इंस्पेक्टर कुरावली ओमहरी बाजपेयी ने बताया कि मामला पुराना है। जानकारी नहीं है। जानकारी ली जाएगी।