Live Mainpuri CoronaVirus News Update: एक दिन में मिले सर्वाधिक केस, अब आंकड़ा पहुंचा 26 पर
Live Mainpuri CoronaVirus News Update छह प्रवासी मजदूरों हुए संक्रमित। महाराष्ट्र और गुजरात से लौटे थे सभी।
मैनपुरी, जेएनएन। जिले में मंगलवार सुबह से देर शाम तक कोरोना संक्रमण के एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मरीज सामने आए। मंगलवार सुबह दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की आधिकारिक पुष्टि की गई थी। मंगलवार को ही देर शाम छह और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। हालांकि जिला प्रशासन ने देर रात तक इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। बुधवार सुबह डीएम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए छह नये मरीज मिलने की जानकारी शेयर की। यह सभी छह नये मामले प्रवासी मजदूरों से जुड़े हैं। इनमें तीन मामले बेवर थाना क्षेत्र के गांव किल्ली परोंखा के हैं। यह तीनों ही प्रवासी मालेगांव, महाराष्ट्र से लौटकर आए थे। एक व्यक्ति किशनी क्षेत्र के एक गांव सोनासी का बताया जा रहा है, यह हाल ही में अहमदाबाद से वापस लौटा था। अहमदाबाद से ही लौटकर आई जागीर क्षेत्र के गांव सगामई निवासी एक महिला भी संक्रमित मिली है। यह सभी लौटने के बाद क्वारंटाइन हाउस में क्वारंटाइन रखे गए थे। इनके अलावा भोगांव क्षेत्र के गांव रुई निवासी एक युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, बताया जा रहा है कि यह युवक भी मुंबई महाराष्ट्र से लौटकर आया था। इन छह नये मरीजों के साथ ही जिले में एक्टिव कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 14 पहुंच गई है। जिले में अब तक 26 पॉजिटिव केस आ चुके हैं। इनमें से 10 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि दो मामलों में मौत के बाद कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई थी। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बाहर से लौट रहे प्रवासियों से आइसोलेट रहने की अपील की है। डीएम ने कहा है कि गुपचुप लौटने वाले श्रमिक या किसी जिलेवासी को यदि को कोई लक्षण या दिक्कत महसूस होती है तो वह इसे छिपाए नहीं। प्रशासन से संपर्क कर अपनी जांच कराए। संक्रमितों की बढ़ी संख्या को देखते हुए सैंपलिंग तेज कर दी गई है।