रोशनी के रथ पर सवार होकर आईं लक्ष्मी
धूमधाम से मनाया गई दीपावली, लक्ष्मी-गणेश का हुआ पूजन।
मैनपुरी : दीपावली का महापर्व बुधवार की रात जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। शुभ मुहूर्त पर पूजन कर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का आह्वान किया गया। सुख-समृद्धि और समाज में शांति की कामना की गई।
बुधवार की सुबह से ही मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दिन ढलते ही लोगों ने रंगोली सजाकर आकर्षक सजावट पूरी कर ली। शुभ मुहूर्त पर विधि-विधान से पूजन कर आरती उतारी और प्रसाद चढ़ाया। पूजन के बाद शुरू हो गया घरों में रोशनी करने का सिलसिला। दीये और मोमबत्तियां जलाकर रोशनी की गई। लोगों ने रंग-बिरंगी झालरों से घरों और प्रतिष्ठानों को अनोखे अंदाज में सजाया। लक्ष्मी-गणेश के पूजन के बाद देर शाम से शुरू हो गया आतिशबाजी का सिलसिला। आधी रात तक रुक-रुककर फुलझड़ियां और रॉकेट छूटते रहे। आसमान में पटाखों की रंगीन आतिशबाजी का अलग ही नजारा रहा। चेयरमैन ने कैदियों संग मनाई दिवाली: दीपावली इस बार बंदियों के लिए भी खुशियां लेकर आई। अपनों से दूर कारागार में सजा काट रहे बंदियों के बीच बुधवार की रात परिवार के साथ पहुंचीं पालिकाध्यक्ष मनोरमा देवी ने त्योहार की खुशियां साझा कीं। जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा व जेल प्रशासन के सहयोग से बंदियों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया। फुलझड़ियां चलाईं और बाद में सभी को मिठाइयां और उपहार भेंट किए। इस मौके पर समाजसेवी लक्ष्मण गुप्ता भी मौजूद थे। स्टेशन रोड पर माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए आकर्षक रंगोली सजाई। बीना जाजू और डॉ. श्रुतिका जाजू की मनभावन रंगोली को देखने के लिए समाज के लोगों में खासा उत्साह रहा। फायर कर्मियों को नहीं हुई दिक्कत: कई वर्षों के बाद इस बार की दीपावली अग्निशमन विभाग के लिए बेहद खास रही। जिले में कहीं भी किसी अनहोनी की सूचना नहीं मिली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा का कहना है कि एहतियातन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराए गए थे। यह सौभाग्य ही रहा कि इस वर्ष माता लक्ष्मी की कृपा रही और कहीं भी कोई अनहोनी नहीं हुई। निर्विघ्न पर्व संपन्न होने की खुशी में सभी ने आतिशबाजी चलाकर अपनी खुशियों का इजहार किया।