राहत के साथ आफत बन गई झमाझम बारिश
बुधवार सुबह से ही बारिश का दौर चल निकला। आकाशीय गर्जना से नागरिक सहम गए। शहर और कस्बों में जलभराव के अलावा नाली और नाले खूब उफनते नजर आए।
जासं, मैनपुरी: वैसे तो मौसम का मिजाज कई दिन से बदला नजर आ रहा था, लेकिन बुधवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ले ली। तड़के ही बादल छा गए, हवा चलने लगी। शीतल हवा चलने के बाद रिमझिम शुरू हो गई। इसके बाद तो कभी मध्यम तो कभी झमाझम बारिश से तापमान नीचे आ गया। बारिश से कुछ फसलों को फायदा तो कुछ को नुकसान बताया जा रहा है। वैसे, इस माह की जोरदार बारिश जलभराव की भी वजह बनी।
कई दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। कभी आसमान पर बादल छा जाते हैं तो कभी गर्मी का अहसास शरीर को सताने वाला होता था। इस महीने में हीकई बार हल्की बूंदाबांदी से तापमान भी सही बना रहा। शनिवार को भी मौसम दिन और रात में कई बार बदला, शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई तो रात में शीतल हवा चलने से नागरिकों को सुकून भी मिला। बुधवार सुबह से ही आसमान पर बादल छाए गए, कुछ देर बाद हवा चलने से आसमान से अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। सुबह 11 बजे तक कभी मध्यम तो कभी झमाझम बारिश हुई। कुछ देर बाद बूंदाबांदी थमी तो सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद भी आसमान से बूंदे गिरने का क्रम जारी रहा। मौसम से मिला सुकून
बुधवार को बारिश के बाद मौसम का मिजाज खुशगवार हो गया। शीतल बयार के चलने से नागरिकों को सुकून मिला। पंखे की हवा भी शरीर को राहत देने वाली रही। और कुछ दिन राहत
मौसम का यह मिजाज कुछ दिन और शरीर को राहत देगा। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। चार-पांच दिन बाद यह तापमान बढ़ने के साथ ही गर्मी का अहसास दिलाएगा। वैसे, बुधवार को अधिकतम तापमान भी नीचे की ओर खिसक आया। यह अधिकतम 27.2 और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।