मैनपुरी में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए बड़ी समस्या, HPCL ने बंद किए 6200 कनेक्शन, जान लें वजह
एचपीसीएल ने मैनपुरी में 6200 एलपीजी कनेक्शन बंद कर दिए हैं क्योंकि इन घरों में पीएनजी की पाइपलाइन उपलब्ध है या कनेक्शन स्वीकृत हो चुके हैं।

HighLights
एचपीसीएल ने मैनपुरी में 6200 एलपीजी कनेक्शन बंद किए।
पीएनजी पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में एलपीजी रिफिल आपूर्ति रोकी।
उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। खाड़ी देशों के बीच हुए युद्ध के बाद से एलपीजी सिलिंडर का शुरू हुआ संकट अब उपभोक्ताओं के लिए बड़ी समस्या बनने जा रहा है। जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) द्वारा 6200 घरों में एलपीजी के कनेक्शन बंद कर दिए हैं। ये उपभोक्ता अब रिफिल सिलिंडर की बुकिंग नहीं करा पाएंगे।
एचपीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि इनमें से अधिकांश के यहां पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के कनेक्शन हैं और अधिकांश वे उपभोक्ता भी शामिल हैं, जिनके घरों के सामने से पीएनजी की पाइप लाइन गुजरी है।
तीन महीने में बंद होगा एलपीजी कनेक्शन
एचपीसीएल के भौगोलिक क्षेत्र प्रमुख रामरतन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 24 मार्च 2026 के आदेश में स्पष्ट कर दिया था कि जिन आवासीय क्षेत्रों में पीएनजी की पाइप लाइन बिछ गई है, वहां उपभोक्ताओं को कनेक्शन लेने होंगे। कनेक्शन स्वीकृत होने के तीन माह के अंदर उनके एलपीजी सिलिंडर को बंद कर दिया जाएगा।
शहर में लगभग 10 कालोनियों में पीएनजी की आपूर्ति आरंभ हो गई है। इन कॉलोनी के 6200 एलपीजी सिलिंडर के कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। इन सभी उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन अनिवार्य रूप से लेने होंगे। मैनपुरी गैस सर्विस और महालक्ष्मी गैस सर्विस के माध्यम से पंजीकरण कैंपों का आयोजन करा उपभोक्ताओं की समस्या का निदान कराया जाएगा।
इन कॉलोनी में पहुंच गई पीएनजी की पाइप लाइन
जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा ने बताया है कि शहर में संसारपुर, गोलाबाजार, कांशीराम कॉलोनी, हिंदपुरम, रमईहार, गोपाल नगर, राजा का बाग, चंद्र नगर, चांदेश्वर कॉलोनी, देवपुरा, देव बस्ती, गीतापुरम कॉलोनी और आवास विकास में पीएनजी की सप्लाई शुरू हो चुकी है। इन क्षेत्रों में अब उपभोक्ताओं को अपने एलपीजी सिलिंडर बुक करने में समस्या आएगी।
