कोई हादसा नहीं, बल्कि आनरकिलिग थी रूबी की मौत
मैनपुरी जासं थाना किशनी के गांव नगला कले निवासी रूबी की मौत छत से गिरकर नहीं हुई थी बल्कि यह आनर किलिंग थी।
मैनपुरी, जासं: थाना किशनी के गांव नगला कले निवासी रूबी की मौत छत से गिरकर नहीं हुई थी, बल्कि आनरकिलिग थी। पति की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को रूबी के परिवार वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
22 अक्टूबर को जालौन के थाना कालपी क्षेत्र में स्थित गणेशगंज निवासी सुनील कुमार गुप्ता ने थाना किशनी पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी थी, कि नगला कले निवास रूबी के साथ उसने आर्य समाज मंदिर में विवाह किया था। उसने विवाह का पंजीकरण भी कराया था। दोनों अलग-अलग जाति के हैं, इसलिए रूबी के परिवार वाले इस विवाह के खिलाफ थे। योजना के तहत रूबी के परिवार वाले 19 अक्टूबर को रूबी को अपने साथ लिवा लाए। रूबी की हत्या करने के बाद शव को जला दिया। कार्रवाई से बचने के लिए घटना को छत से गिरकर मौत बताया गया।
एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोप की गहराई से छानबीन हुई तो पता चला कि घटना वाले दिन परिवार के लोगों ने रूबी से सुनील को छोड़ने के लिए कहा। वह तैयार नहीं हुई तो उसका गला घोंट दिया। इससे वह अचेत हो गई। बाद में उसके बाल पकड़ कर छत से नीचे फेंक दिया। इससे रूबी की मौत हो गई। साक्ष्य मिटाने शव को जला दिया। घटना की रिपोर्ट सुनील की तहरीर पर रूबी के पिता सूर्यप्रताप सिंह, चाचा रामू सिंह, भाई सौरभ सिंह, बहन मनीषा और शिल्पी के खिलाफ दर्ज की गई है। पुलिस ने रामू और सौरभ सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।