ग्राउंड रिपोर्ट: 'सपा के किले' में नहीं लगी है सेंध, विकास की राह देख रहे किशनी विधानसभा के मतदाता
किशनी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का राजनीतिक दबदबा कायम है, लेकिन बड़े एक्सप्रेसवे के बावजूद स्थानीय विकास और रोजगार के अवसर सीमित हैं।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
किशनी में सपा का राजनीतिक दबदबा, विकास की धीमी गति
बड़े एक्सप्रेसवे के बावजूद स्थानीय रोजगार के अवसर सीमित
स्वास्थ्य, मंडी और जलभराव जैसी समस्याओं से जूझते लोग
विक्रम प्रताप सिंह, किशनी (मैनपुरी)। किशनी विधानसभा क्षेत्र की सियासत में समाजवादी पार्टी का दबदबा शुरुआत से ही रहा है। चुनाव दर चुनाव दूसरे दलों ने यहां अपनी ताकत दिखाई, लेकिन सपा के राजनीतिक किले में सेंध लगाना आसान न रहा। मैनपुरी संसदीय सीट के इस महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र को सपा का अभेद्य दुर्ग माना जाता है।
हालांकि, राजनीतिक रूप से मजबूत इस क्षेत्र की विकास यात्रा उतनी प्रभावशाली नहीं रही। सड़क और संपर्क मार्गों के बड़े-बड़े दावों के बीच स्थानीय समस्याएं आज भी मतदाताओं के सामने सवाल बनकर खड़ी हैं।
किशनी के आसपास से बरेली-ग्वालियर राजमार्ग, लखनऊ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे जैसे बड़े मार्गों का जुड़ाव विकास की संभावना बढ़ाता है। उम्मीद थी कि इनसे क्षेत्र के कारोबार, आवागमन और रोजगार को नई दिशा मिलेगी, लेकिन मुख्य कस्बे और आसपास के गांवों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल सका।
बड़े मार्गों की नजदीकी के बावजूद स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सीमित हैं। युवाओं को नौकरी और कामकाज के लिए दूसरे शहरों की ओर रुख करना पड़ता है।
विकास की योजनाएं जनमानस के लिए रहीं दिखावा
समाजवादी पार्टी का इस क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। सपा के कार्यकाल में प्रदेश स्तर पर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी परियोजनाएं सामने आईं। सड़क और परिवहन के क्षेत्र में इन योजनाओं को विकास की बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जाता रहा है।
किशनी के मतदाताओं की अपेक्षा थी कि स्थानीय सड़कों, बाजारों, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के क्षेत्र में भी इसका असर दिखाई देगा, लेकिन आज भी नवीन मंडी की समस्या, कस्बे में जाम और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लोगों को परेशान कर रही है। क्षेत्रीय स्तर पर विकास के दावों और धरातल की आवश्यकताओं के बीच अंतर साफ दिखाई देता है।
किसानों की फसल निगलता नाला, मरीजों को नहीं मिलती जांच
किशनी की समस्याएं केवल रोजगार तक सीमित नहीं हैं। बसैत का नाला हर वर्ष वर्षा के दौरान किसानों के लिए मुसीबत बन जाता है। जलभराव के कारण करीब एक हजार बीघा फसल प्रभावित होती है। किसान हर साल नुकसान उठाते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की प्रतीक्षा अब भी जारी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे और अल्ट्रासाउंड की सुविधा न होने से मरीजों को जांच के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। नवीन मंडी की समस्या और मुख्य कस्बे में जाम भी रोजमर्रा की परेशानी बने हुए हैं।
किशनी विधानसभा सीट का विवरण
- 292920 कुल मतदाता
- 161932 पुरुष मतदाता
- 130982 महिला मतदाता
- 139745 युवा मतदाता
- 423 मतदेय स्थल
- 330 मतदान केंद्र
एक्सप्रेसवे और हाईवे करीब से गुजरे, स्थानीय स्तर पर कारोबार को न मिली रफ्तार
किशनी में सपा की राजनीतिक पकड़ मजबूत रही है तो भाजपा भी विकास और औद्योगिक निवेश के मुद्दे पर अपनी जमीन तैयार करने में जुटी है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में केवल राजनीतिक समीकरण ही नहीं, विकास का हिसाब भी महत्वपूर्ण होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।